
सांकेतिक इमेज (सोर्स -Chatgpt)
भारत में डिजिटल भुगतान का भविष्य अब और भी भरोसेमंद और सुविधाजनक होता जा रहा है। अब नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने UPI यूजर्स के लिए इंटरनेट के बिना ऑफलाइन तरीके से भुगतान (Payment through Offline Mode) करने की तैयारी की है। NPCI के इस नए ‘Tap to Pay’ ऑफलाइन फीचर से इंटरनेट के बिना आसानी से भुगतान होगा। इस फीचर के जरिए यूजर्स बिना इंटरनेट कनेक्शन के अपने NFC-सपोर्टेड स्मार्टफोन को POS मशीन पर टैप करके पेमेंट कर सकेंगे। यह सुविधा खासकर कम नेटवर्क वाले इलाकों, फ्लाइट्स, अंडरग्राउंड मेट्रो और दूरदराज के क्षेत्रों के लिए गेम-चेंजर साबित होगी।
NPCI का ‘Tap to Pay’ ऑफलाइन UPI फीचर NFC तकनीकी पर काम करेगा। यह नई सुविधा NFC (Near Field Communication) पर कार्य करेगी। नए ‘Tap to Pay’ ऑफलाइन UPI फीचर से यूजर्स को QR कोड स्कैन करने या इंटरनेट चालू रखने की कोई जरूरत नहीं पड़ेगी। यदि स्मार्टफोन में NFC सपोर्ट है और UPI Lite वॉलेट में बैलेंस उपलब्ध है, तो फोन को प्रमाणित POS टर्मिनल पर टैप करना पर्याप्त होगा।
UPI Lite X एक ऑन-डिवाइस वॉलेट है, जिसे उपयोगकर्ता इंटरनेट कनेक्शन के बिना भी इस्तेमाल कर सकते हैं। इसमें उपयोगकर्ता पहले इंटरनेट से जुड़े होने पर अपने बैंक खाते से पैसे UPI Lite वॉलेट में लोड करता है। इसके बाद, NFC-सक्षम फोन और रिसीवर के बीच टैप एंड पे के माध्यम से भुगतान हो जाता है। बिना UPI पिन या इंटरनेट के। यह सुविधा एंड्रॉयड फोन पर उपलब्ध है और प्रति लेनदेन ₹500 तक की सीमा है, जबकि कुल बैलेंस ₹2,000 तक रखा जा सकता है। जब उपयोगकर्ता ऑफलाइन लेनदेन करता है, तो लेनदेन का विवरण और बैलेंस अपडेट तब होता है, जब फोन इंटरनेट से जुड़ता है।
नए फीचर में पेमेंट को सुरक्षित करने के लिए NPCI ने सिक्योरिटी फीचर को प्राथमिकता दी है। NPCI ने इस ऑफलाइन पेमेंट सिस्टम की अधिकतम सीमा ₹2,000 तय की है। फिलहाल, ऑफलाइन पेमेंट की सीमा ₹500 तक ही है, जिसे बढ़ाकर ₹2,000 करने की योजना है। NPCI प्रति ट्रांजैक्शन और दैनिक लिमिट दोनों पर नजर रखेगा। UPI Lite पहले से ही छोटे मूल्य के ट्रांजैक्शन के लिए सुरक्षित माना जाता है। NPCI और RBI की सख्त गाइडलाइंस के तहत फ्रॉड को रोकने के लिए मल्टी-लेयर सिक्योरिटी, टोकनाइजेशन और रियल-टाइम मॉनिटरिंग का इस्तेमाल किया जाएगा।
ऑफलाइन 'Tap to Pay' फीचर आने से यूजर को पेमेंट करने में आसानी होगी। खासकर कम इंटरनेट स्पीड और कमजोर नेटवर्क वाले क्षेत्रों में यूजर को फायदा होगा। कई क्रेडिट-डेबिट कार्ड कंपनियां हवाई यात्रा के दौरान पेमेंट पर पाबंदी लगाती हैं। ऑफलाइन UPI इसका बेहतरीन विकल्प बनेगा। दिल्ली, मुंबई, कोलकाता जैसे शहरो में अंडरग्राउंड मेट्रो स्टेशनों पर सिग्नल कमजोर होता है। ऐसी स्थिति में ऑफलाइन UPI का बड़ा फायदा होगा। इसके अलावा ट्रेन में लंबी यात्राओं के दौरान कैशलेस पेमेंट करना आसान होगा। भारत में करोड़ों NFC-सपोर्टेड स्मार्टफोन पहले से मौजूद हैं। इस फीचर के साथ छोटे दुकानदारों, स्ट्रीट वेंडर्स और छोटे व्यापारियों को भी बड़ा फायदा पहुंचेगा, क्योंकि उन्हें हमेशा ऑनलाइन रहने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
Updated on:
31 Aug 2026 09:58 pm
Published on:
31 Aug 2026 09:58 pm
