
बांसवाड़ा. शहर के दाहोद रोड मार्ग स्थित रिजर्व पुलिस लाइन में लीयो कॉलेज की छात्राओं ने पुलिस अधिकारी और जवानों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांध हर्षोल्लास से रक्षाबंधन पर्व मनाया।

एएसपी गणपति महावर ने भी राखी बंधवाकर छात्राओं के साथ सेल्फी का लुत्फ उठाया। एएसपी ने छात्राओं को संदेश दिया कि पुलिस समाज की सुरक्षा के लिए है, इसे मित्रता की दृष्टि से देखें, आपके सहयोग के लिए सदैव हर जवान तत्पर मिलेगा।

महावर ने कहा कि कभी किसी छात्रा को असुरक्षा महसूस हो तो वह घबराने के बजाय उसका डटकर सामना करे। पुलिस की मदद लें। हर छात्रा अपने क्षेत्र के थानेदार, थानाधिकारियों के नाम अवश्य याद रखें।

समय समय पर थानों का भ्रमण करें और कार्यप्रणाली को समझें। सीआई चंद्रशेखर पालीवाल ने बताया कि १५ अगस्त के बाद छात्राओं को आत्म रक्षा में पारंगत करने के लिए १ सप्ताह के आत्मरक्षा प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।

कॉलेज निदेशक मनीष त्रिवेदी ने कहा कि पुलिस और फौज के जवानों के साथ त्यौहार मनाना गर्व की बात है। जो सही मायनों में देश के हीरो होते है। पुलिस से ही शहर और गांव का हर नागरिक सुरक्षित है।

इस दौरान डीएसपी वीराराम, कोतवाली सीआई गोविंदसिंह, सीआई मनीषचारण, प्राचार्य डॉ. दीपक भट्ट, दर्शना, रीना उपाध्याय, प्रीति सक्सेना, ज्योति जैन, विभा भावसार, निशा पाठक, स्वप्निल कुलश्रेष्ठ, हिरेन दवे आदि मौजूद रहे।

कॉलेज छात्राओं ने पुलिस के जवानों को बांधे रक्षा सूत्र।