
प्रदेश में भाजपा सरकार को जनता के लिए कुशासन बताते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विधानसभा उपचुनाव में एक मंच पर आ गए।

मंगलवार को मांडलगढ़ विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी विवेक धाकड़ ने नामांकन दाखिल किया।

इसके बाद हुई आमसभा में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. सीपी जोशी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट सहित प्रदेश के नेता एक मंच पर आए।

उन्होंने मंच से एकजुटता का संदेश देने की कोशिश की। कहा-गुजरात में जिस तरह कांग्रेस को बढ़त मिली है, उससे राजस्थान सरकार की चिंता बढ़ गई है।

पार्टी के प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे, पार्टी सचिव तरुणकुमार व प्रदेश अध्यक्ष पायलट आदि नेताओं ने संबोधित किया।

पहले दिन कांग्रेस से नामांकन दाखिल करने वाले कोटड़ी उप प्रधान बृजराजकृष्ण उपाध्याय मंगलवार को कांग्रेस के प्रत्याशी विवेक धाकड़ की सभा मेें आ गए। उन्होंने मंच से संबोधित किया और बोले, हम तो कांग्रेस के सच्चे सेवक हैं।

उधर, मांडलगढ़ से टिकट मांग रहे पूर्व प्रधान गोपाल मालवीय नहीं आए। मंच पर जिले के नेता भी एक मंच पर दिखे।