
मौसम ने शनिवार को अचानक पलटा खाया है। अलसुबह से ही कोहरा छाया रहा। इससे आम जनजीवन प्रभावित हो गया। शाम होते ही सर्दी और बढ़ गई और लोग जल्दी ही घरों में चले गए। रात को भी शहर के कई स्थानों पर लोग अलाव तापते नजर आए।

कोहरे से सूर्यदेव के दर्शन भी पूरी तरह से नहीं हो पाए और हल्की धूप सर्दी से राहत नहीं दे पाई। शनिवार को अधिकतम तापमान 20.3 डिग्री व न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस रहा। शहर में यह मौसम की सबसे सर्द रात रही।शहर में सुबह आठ बजे से छाया कोहरा दोपहर २ बजे तक रहा।

कोहरा छाने से सुबह दस बजे तक लोग घरों से बाहर ही नहीं निकले। सूरज भी दोपहर तक बादलों में छिपा रहा रहा, जिससे लोगों को सर्दी से परेशानियों का सामना करना पड़ा।

मौसम की अब तक की सबसे सर्द रात शनिवार को रही। न्यूनतम तापमान पांच जनवरी को 7.5 डिग्री सेल्सियस था, वहीं शुक्रवार रात यह तीन डिग्री सेल्सियस की कमी के साथ 4.6 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। पिछले चार दिनों में तापमान में करीब पांच डिग्री सेल्सियस की कमी आई है।

शनिवार को अधिकतम तापमान में 5 डिग्री व न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस गिरावट से दिन में ठिठुरन रही। घने कोहरे से लम्बी दूरी की ट्रेनों की रफ्तार भी धीमी पड़ गयी है।

उत्तर से आ रही सर्द हवा से अब कडाके की सर्दी पडऩे लगी है। दोपहर में लोग गर्म कपड़े पहनकर बाहर निकलते हुए दिखे। सुबह लोग जगह-जगह अलाव तापते नजर आए।