
बॉलीवुड के मशहूर सिंगर सोनू निगम अपनी आवाज से पूरी इंडस्ट्री में जाने जाते हैं। सोनू का जन्म हरियाणा के फरिदाबाद में 30 जुलाई, 1973 को हुआ था। उनका पहला गीत हिंदी फिल्म में 'आजा मेरी जान' (1992) के सॉन्ग 'ओ आसमान वाले...' था।

सोनू निगम एक सिंगर होने के साथ-साथ एक्टर भी हैं। वह हिंदी के अलावा कन्नड़, उड़िया, तमिल, असमिया, पंजाबी, बंगाली, मराठी और तेलुगु फिल्मों में भी अपनी अवाज का जादू दिखा चुके हैं। बता दें कि उन्हें गायकी का बचपन से ही शौक था।

सोनूू निगम बहुत से स्टेज शो कर चुके है। गौरतलब है उनके पिता अगम निगम भी स्टेज सिंगर रह चुके थे। एक बार उनके पिता स्टेज पर परफॉर्मंस दे रहे थे तो बैक स्टेज पर सोनू रोने लगे यह कहकर की वह भी गाना गाएंगे। इसके बाद किसी ने उनकी मां को कहा कि गा लेने दो बच्चा ही तो है। इसके बाद उन्होंने अपने पिता के साथ मोहम्मद रफी साहब का गाया हुआ गाना 'क्या हुआ तेरा वादा' गाया। तब उनके पिता को उनकी प्रतिभा के बारे में मालूम चला।

इसके बाद सोनू ने अपने पिता से लाइट म्यूजिक सीखा और धीरे-धीरे स्टेज परफॉर्मर बन गए। वह बचपन में ही सभी प्रतियोगिताओं में भाग लेते थे और एक के बाद एक सभी प्रतियोगिताओं को जीतते चले गए।

शुरुआती दौर में उनके परिवार की आर्थिक स्थिति ज्यादा ठीक नहीं थी। इसके कारण उन्हें जीवन में कई चीजों के साथ कॉम्प्रोमाइज करना पड़ा। सोनू ने 12 वीं पास करने के बाद अकादमिक पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया और अपनी डिग्री पत्राचार से हासिल की।