
राजधानी जयपुर के गणेश मंदिर में रवि पुष्य नक्षत्र पर भगवान गणपति की विशेष पूजा-अर्चना की गई। गणेश मंदिरों में गजानन महाराज का पंचामृत अभिषेक किया गया। गणेशजी का दूध व पंचामृत से अभिषेक कर नवीन पोशाक धारण करवाई गई।

मोती डूंगरी गणेशजी के झांकी सजाई गई और मोदकों का भोग लगाया गया। मंदिरों में गणेशजी के दर्शनों के लिए भक्त उमड़े।

नए वाहन खरीदकर श्रद्धालु पूजा कराने के लिए मंदिर पहुंचे। मंदिर के बाहर नए वाहनों की कतारें नजर आईं।

प्रथम पूज्य को मोदक का भोग लगाया गया। श्रद्धालुओं को हल्दी की गांठ एवं रक्षा सूत्र वितरित किए गए।

चांदपोल परकोटा गणेश मंदिर में महंत राहुल शर्मा के सान्निध्य में भगवान गणेश का पंचामृत अभिषेक किया गया। सर्वप्रथम प्रथम पूज्य का 101 किलो दूध से अभिषेक कर नवीन चोला पोशाक धारण करा फूल बंगले की झांकी सजाई गई। भक्तों को तुलसी और अन्य प्रजातियों के पौधे वितरित किए गए।