
सैनिक क्षत्रिय माली संस्थान, नागौर का पंचम सामूहिक विवाह संपन्न, 70 जोड़े दांपत्य सूत्र में बंधे

दूल्हे गणेश पूजन करते हुए

बारात एक साथ गाजे-बाजे, सजी-धजी खुली जीपों और बग्गियों के साथ रवाना हुई।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत, डॉ. ज्योति मिर्धा सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया। आयोजन में सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग नहीं कर पर्यावरण संरक्षण का विशेष ध्यान रखा गया।

नागौर। सैनिक क्षत्रिय माली संस्थान, नागौर के तत्वावधान में पंचम सामूहिक विवाह समारोह हर्षोल्लास और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस भव्य आयोजन में 70 जोड़े विधि-विधानपूर्वक दांपत्य सूत्र में बंधे। हजारों समाज बंधुओं और गणमान्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति ने समारोह को ऐतिहासिक बना दिया।

सुबह 9 बजे माली संस्थान हनुमान बाग से 70 वर राजाओं की बारात एक साथ गाजे-बाजे, सजी-धजी खुली जीपों और बग्गियों के साथ रवाना हुई। पूरे मार्ग में चुंगी नाका, पंवारों का बास, बड़की बस्ती, जगावता मोहल्ला और सांखला बस्ती के लोगों ने पुष्पवर्षा कर बारात का स्वागत किया। जेसीबी और भव्य मंचों से गुलाब की पंखुड़ियों की वर्षा ने माहौल को उत्सवी बना दिया।

राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय चेनार के समीप बने सजे-धजे राम-जानकी विवाह मंडप में पंडित सुनील शर्मा के नेतृत्व में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सभी जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। परिवारजनों ने वर-वधू को मंगलमय जीवन का आशीर्वाद दिया।

समारोह में कुछ परिवारों ने उदाहरण प्रस्तुत करते हुए आयोजन समिति से किसी प्रकार की सामग्री लेने से इनकार किया, जिसकी समाज ने सराहना की। महाराष्ट्र के औरंगाबाद से आए चंडोक सिख परिवार ने भी आयोजन की प्रशंसा की।