
छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम व पीएचई मंत्री अरुण साव ने 23 मई को रायपुर (Raipur) में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHE) के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने मंत्रालय में वरिष्ठ विभागीय अधिकारियों तथा मैदानी अधिकारियों की बैठक लेकर जल जीवन मिशन के कार्यों, नक्सल (Naxal) प्रभावित रहे क्षेत्रों की पेयजल योजनाओं एवं प्रदेश में ग्रीष्मकाल (Summer) में पेयजल व्यवस्था की समीक्षा की।

उप मुख्यमंत्री साव ने जल जीवन मिशन 2.0 के कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के लिए आगामी दो वर्षों के रोडमैप (Roadmap) पर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को मिशन के शेष कार्यों को गंभीरता, सक्रियता और तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मैदानी स्तर पर काम की गति और पूर्णता से ही केंद्र सरकार (Central Govt) एवं राज्य सरकार द्वारा कार्यों के लिए राशि जारी की जाएगी।

सभी जिलों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (Video Conferencing) से बैठक में शामिल हुए। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सचिव तथा जल जीवन मिशन के संचालक मोहम्मद कैसर अब्दुलहक, प्रमुख अभियंता केके मरकाम, जल जीवन मिशन (Jal Jeevan Mission) के अतिरिक्त मिशन संचालक ओंकेश चंद्रवंशी और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता एसएल पांडेय भी समीक्षा बैठक में मौजूद थे।