पीलीभीत। जिले के बीसलपुर थाना क्षेत्र के गांव अमखिड़िया में मोबाइल चोरी के शक में एक परिवार के दबंगों ने गरीब दलित युवक की पेड़ से बांधकर बेरहमी से पिटाई की। लेकिन गांव का कोई भी व्यक्ति उस गरीब को बचाने की हिम्मत नहीं जुटा पाया। मामले की जानकारी पर डायल 100 पुलिस भी पहुंची जिसके बाद बामुश्किल युवक को छुड़ाया गया। पूरे मामले की जानकारी जब पुलिस अधीक्षक को हुई तो बीसलपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया। अन्य दो युवकों की पुलिस तलाश कर रही है।
ये है पूरा मामला
बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव अमखिड़िया में एक घर से मोबाइल चोरी हो गया था। इस पर परिवार के महेश, विजय व महेन्द्र को पड़ोस के दलित युवक गायत्री के ऊपर शक हुआ। शक के चलते उन्होंने दलित युवक को एक पेड़ की डाली में रस्सी से बांधकर लाठी और डंडों से जमकर पिटाई की। युवक गिड़गिड़ाता रहा और पैर पकड़कर रो-रोकर एक ही बात कहता रहा कि उसने मोबाइल नहीं चुराया है, लेकिन दबंगों को उस पर दया नहीं आई। वे लगातार उसे पीटते रहे। इसी बीच गांव के किसी व्यक्ति ने मोबाइल से यूपी डायल 100 को सूचना दी। पुलिस ने बमुश्किल युवक को इन दबंगों के चंगुल से छुड़ाया। इस बीच गांव के किसी व्यक्ति ने पिटाई का ये वीडियो वायरल कर दिया। इसके बाद मामला पुलिस अधीक्षक पीलीभीत बालेन्दु भूषण सिंह के संज्ञान में आया। उन्होंने फौरन इस मामले में पुलिस को सख्त कार्रवाई के आदेश दिए। पुलिस अधीक्षक के आदेश के बाद बीसलपुर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी महेन्द्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। दो की तलाश कर रही है।