क्या है पूरा मामला जरा पढ़िये
पीलीभीत लोकसभा क्षेत्र से 1989 से मेनका गांधी व उनके पुत्र वरूण गांधी का ही कब्जा रहा। हॉ इतना ज़रूर है कि मेनका को एक इस बीच एक बार हार सामना करना पड़ा जब राम लहर में वो जनता दल से चुनाव लड़ी थी। मेनका गांधी ने 2019 लोकसभा चुनाव के लिए भी कमर कस ली है, हालाकिं चर्चाएं है कि वो इस बार उत्तराखण्ड के देहरादून लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। ज्ञात रहे कि पिछले चार सालों से जिले में भाजपा संगठन व मेनका गांधी के बीच दूरियां बनी रहीं जो अभी हाल ही में खत्म हुयी जब प्रधानमंत्री आरोग्यम योजना के कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष व संगठन उनके साथ दिखा। इस बीच कई बार उनका टिकट कटने की चर्चाएं भी की जाती रहीं, लेकिन लोकसभा चुनाव नजदीक आने के साथ ही उन्होने अपने पसंद का जिलाध्यक्ष बनवाने में भी कामयाबी हासिल की जिसके बाद विरोधियों के हौसलें पस्त होते नज़र आये, लेकिन पार्टी के कुछ नेताओं से उनकी दूरी अभी भी बनी हुई है। इधर देररात में शहर के कई स्थानों की दीवारों पर एक पोस्टर चस्पा किया गया है। पोस्टर पर एक नारा लिखा था कि - सांसद महोदया वोट हमारा राज तुम्हारा अब पीलीभीत में नहीं चलेगा। निवेदक के रूप में पोस्टर पर जागरुक मतदाता, पीलीभीत-बहेड़ी, 26 लोकसभा। लिखा है। हालांकि इस पोस्टर पर किसी प्रिंटिंग प्रेस का नाम अंकित नहीं है और न ही किसी का कोई नाम व फोन नंबर अंकित है, लेकिन इस पोस्टर के लगने के बाद सियासी गलियारे में हलचल मच गयी है। पोस्टर को लेकर चर्चाओं का दौर भी शुरू हो गया है।