
pm modi Rally: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 9 अप्रैल को पीलीभीत में जितिन प्रसाद के पक्ष में जनसभा को संबोधित किया। पीलीभीत से बीजेपी सांसद वरुण गांधी की जगह भाजपा ने जितिन प्रसाद को टिकट दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में वरुण गांधी नहीं दिखे। टिकट कटने के बाद से वरुण गांधी वहां से गायब हैं। वह न तो अभी तक पार्टी के किसी कार्यक्रम में पहुंचे और न ही चुनाव प्रचार में पहुंचे। उन्होंने पहले सीएम योगी आदित्यनाथ की जनसभा से भी दूरी बनाई थी। अब वह पीएम मोदी की रैली में भी नजर नहीं आए। पीलीभीत से वरुण गांधी 2 बार सांसद रहे चुके हैं, लेकिन इस बार उनका टिकट पार्टी ने काट दिया है।
हालांकि बीते दिनों वरुण गांधी को लेकर जब उनकी मां और सुल्तानपुर से बीजेपी प्रत्याशी मेनका गांधी से सवाल किया गया था, तब उन्होंने कहा था, 'वरुण गांधी और उनकी पत्नी बीमार हैं, दोनों आराम कर रहे हैं। लेकिन इसके बाद भी वरुण गांधी को लेकर सियासी सवाल उठ रहे हैं। उनके द्वारा क्षेत्र के साथ पार्टी से बनाई गई दूरी काफी चर्चा का विषय बनी हुई है।
प्रधानमंत्री ने रैली के जरिए तराई के इस जिले से आसपास की लोकसभा सीटों का भी चुनावी गणित साधने की कोशिश की है। इन सीटों में बरेली, शाहजहांपुर, बदायूं और लखीमपुर और धौरहरा शामिल हैं। उनके मंच पर सीएम योगी समेत कई नेता मौजूद रहे। बीजेपी उम्मीदवार के समर्थन में एक सप्ताह पहले सीएम योगी ने प्रबुद्ध सम्मेलन को भी संबोधित किया था। इस सीट पर पहले चरण के दौरान 19 अप्रैल को वोटिंग होने वाली है।
Updated on:
09 Apr 2024 04:50 pm
Published on:
09 Apr 2024 01:18 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
