तिरुवनंतपुरम: हाल ही में हुए पांच विधानसभा राज्यों के चुनावों में शानदार प्रदर्शन करने वाली कांग्रेस जहां आत्मविश्वास पर भरी हुई नजर आ रही है, वहीं उनके वरिष्ठ नेता पार्टी का मनोबल गिराने वाले बयान दे रहे हैं। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व रक्षा मंत्री एके एंटनी ने कहा है कि कांग्रेस में भारतीय जनता पार्टी से अकेले मुकाबला करने की शक्ति नहीं है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, केरल के तिरुवनंतपुरम में कांग्रेस कमेटी की एक आमसभा को संबोधित करते हुए कहा, 'कांग्रेस अपने अकेले दम पर नरेंद्र मोदी को सत्ता से बाहर नहीं कर सकती है, लेकिन फिर भी, मोदी को सत्ता से बाहर करने के अभियान का नेतृत्व करने के लिए कांग्रेस बड़ा घटक है। इसलिए, कांग्रेस भाजपा को हराने के लिए एक बड़े गठबंधन की तलाश कर रही है'।