अहमदाबाद: भाजपा आज का दिन काला दिवस के तौर पर मना रही है। देश के अलग-अलग हिस्सों में भाजपा नेता कार्यक्रम आयोजित कर कांग्रेस पर हमला बोल रहे हैं। इसी कड़ी में अहमदाबाद में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने आपातकाल के लिए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। शाह ने कहा कि आज वो लोग अभिव्यक्ति की आजादी की बात करते हैं जिन्होंने बोलने की स्वतंत्रता छीनी, प्रेस पर सेंसरशिप लगाई , आकाशवाणी को कांग्रेसवाणी बना दिया । उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जी को अपनी पार्टी का इतिहास याद करना चाहिए कि कैसे उनकी पार्टी की सरकार ने संविधान पर आपातकाल का बुलडोजर चलाकर देश की संवैधानिक संस्थाओं को ध्वस्त कर दिया था । उन्होंने कहा कि भाजपा के अलावा किसी भी पार्टी में लोकतंत्र नहीं बचा है। कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि आपातकाल देश के लोकतांत्रिक इतिहास का एक काला अध्याय है। इस दिन को देश की जनता कभी ना भूले। बार-बार इस दिन का स्मरण करके एक ऐसी स्थिति बना दी जाए कि देश में कोई आपातकाल लगाने की हिम्मत फिर से ना करें।