
AIIMS पहुंचे उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू, जाना पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी का हाल
नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। उन्हें एम्स में फुल लाइफ सपोर्ट पर रखा गया है। डॉक्टरों की माने तो पिछले 24 घंटों में उनकी हालत और ज्यादा खराब हुई है। पूर्व प्रधानमंत्री का हालचाल जानने के लिए आज सुबह उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू एम्स पहुंचे। इसके अलावा सत्तापक्ष और विपक्ष के तमाम नेता ट्वीट कर वाजपेयी के दीर्घायु होने की कामना कर रहे हैं।
एम्स ने प्रेस रिलीज में बताया, 'पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी पिछले 9 सप्ताह से एम्स में भर्ती हैं। पिछले 24 घंटों में उनकी स्थिति और बिगड़ी है। उनकी हालत नाजुक है और वह लाइफ सपॉर्ट सिस्टम पर हैं।' इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत करीब 7 मंत्रियों ने एम्स पहुंचकर अटल बिहारी वाजपेयी का हाल जाना। प्रधानमंत्री मोदी शाम करीब सवा 7 बजे एम्स पहुंचे थे। वह करीब 50 मिनट तक अस्पताल में रहे और वाजपेयी का इलाज कर रहे डॉक्टरों से मुलाकात कर उनका हाल चाल जाना।
वाजपेयी की सेहत में सुधार और दीर्घायु के लिए सत्तापक्ष और विपक्ष के तमाम नेता ट्वीट कर रहे हैं। आरजेडी नेता और बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने ट्वीट करके अटल बिहारी वाजपेयी के जल्द ठीक होने की कामना की। अकाली नेता और केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने ट्वीट करके पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सेहत में सुधार के लिए प्रार्थना की है।
केंद्रीय मंत्री सुरेश प्रभु ने भी ट्वीट करके जानकारी दी कि वे अटल बिहारी वाजपेयी का हालचाल जानने के लिए एम्स गए. पूर्व पीएम के इलाज में लगी मेडिकल टीम के साथ चर्चा की। उनके सेहत के लिए लाखों लोग भगवान से प्रार्थना कर रहे हैं. हमारी कामना है कि वे जल्द ही ठीक हों।
बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को देखने एम्स पहुंचे। उनके बाद केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे भी पूर्व पीएम को देखने एम्स पहुंचे थे। इनके अलावा सुरेश प्रभु, हर्षवर्धन, जितेंद्र सिंह, शाहनवाज हुसैन भी वाजपेयी को देखने पहुंचे। स्मृति ईरानी भी वाजपेयी को एम्स पहुंचकर पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी का हालचाल जाना।
Published on:
16 Aug 2018, 8:47 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.