
कांग्रेस में शामिल हुए भाजपा के शत्रु, अब इस सीट से लड़ेंगे चुनाव
नई दिल्ली। पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के दिग्गज नेता शत्रुघ्न सिन्हा शनिवार को कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। शत्रुघ्न सिन्हा ने कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला और केसी वेणुगोपाल की मौजूदगी में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। कांग्रेस में शामिल होने के बाद पहली बार बोले शत्रुघ्न सिन्हा ने देशवासियों को नवरात्रि की बधाई दी। हालांकि इस दौरान वह भाजपा के स्थापना दिवस का भी जिक्र करना नहीं भूले। उन्होंने कहा कि ऐसे दिन वह भाजपा से विदा ले रहे हैं। कांग्रेस नेताओं का धन्यवाद करने के बाद शत्रुघ्न सिन्हा ने भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा में शुरुआती दौर में काफी उम्मीद जगी थी, लेकिन बाद में सब कुछ बदल गया। धीरे-धीरे सबकुछ तानाशाही में तब्दील हो गया। भाजपा बड़े-बड़े नेताओं और दिग्गजों को मार्गदर्शक मंडल में डाल दिया, जिनकी फिर किसी ने सुध नहीं ली। जसवंत सिंह, मुरली मनोहर जोशी, अरुण शौरी, यशवंत सिन्हा को गर्त में धकेल दिया गया।
शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि उन्होंने भाजपा नेतृत्व से कई बार कहा कि संवाद होना चाहिए, लेकिन संवाद नहीं हुआ। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार के नोटबंदी के फैसले को गलत करार दिया। शत्रुघ्न ने कहा कि नोटबंदी ने पूरे देश को लाइन में लगा दिया। यहां तक कि प्रधानमंत्री ने अपनी माताजी को 2000 रुपए के लिए लाइन में लगाकर पूरे देश का मजाक उड़ाया। उन्होंने कहा अभी लोग नोटबंदी से उबर नहीं पाए थे, कि देश पर जीएसटी थोप दी गई। जीएसटी में केवल और केवल सीए का फायदा हुआ। उन्होंने कहा कि भाजपा के तानाशाहों ने विरोधियों को दुश्मन की नजरों से देखा।
प्रेस कॉंफ्रेंस में एक पत्रकार के सवाल पर उन्होंने कहा कि मौजूदा कुछ नेताओं के चलते पार्टी छोड़नी पड़ रही है। पार्टी के स्थापना दिवस पर भारी मन से पार्टी छाड़ रहा हूं। उन्होंने कहा कि देश के निर्माता गांधी, नेहरू और पटेल की पार्टी है कांग्रेस। इस दौरान कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि वो शत्रुघ्न सिन्हा का पार्टी में स्वागत करते हैं। कांग्रेस एक विचारधारा है और इसमें शत्रुघ्न सिन्हा जैसे सच्चे, बेबाक और ईमानदार लोगों की हमेशा जगह है।
आपको बता दें कि शॉटगन के नाम से मशहूर शत्रुघ्न सिन्हा फिलहाल बिहार की पटना साहिब सीट से सांसद हैं। शत्रुघ्न 2014 का लोकसभा चुनाव भाजपा के टिकट पर जीते थे। लेकिन पिछले कुछ सालों से वह भाजपा नेतृत्व से नाराज चल रहे हैं। यही नहीं नाराजगी के चलते उन्होंने बागी रुख अख्तियार करते हुए पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल रखा था। यही कारण है कि पार्टी ने उनको दरकिनार करते हुए पटना साहिब सीट से इस बार केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद को भाजपा से उम्मीदवार बनाया है।
Indian Politics से जुड़ी Hindi News के अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर Like करें, Follow करें Twitter पर ..
Lok sabha election Result 2019 से जुड़ी ताज़ातरीन ख़बरों, LIVE अपडेट तथा चुनाव कार्यक्रम के लिए Download patrika Hindi News App.
Updated on:
06 Apr 2019 03:20 pm
Published on:
06 Apr 2019 12:18 pm
बड़ी खबरें
View Allराजनीति
ट्रेंडिंग
