
विधानसभा चुनाव: मतदान से दो दिन पहले भाजपा प्रत्याशी ने वापस लिया नामांकन, कांग्रेस में होंगे शामिल
नई दिल्ली। कर्नाटक में रामनगर विधानसभा सीट पर तीन नवंबर को होने जा रहे उपचुनाव से पहले भाजपा को बड़ा झटका लगा है। भाजपा प्रत्याशी एल चंद्रशेखर ने गुरुवार को अपना नामांकन वापल ले लिया है। चंद्रशेखर रामनगर सीट पर एचडी देवगौडा की बहू के सामने चुनाव में उतरे थे। इस खबर से भाजपा खेमे में हलचल मच गई है।
नामांकन वापस लेते ही किया बड़ा ऐलान
गुरुवार को चंद्रशेखर ने अपना नामांकन वापस लिया। इसके बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने भाजपा पर जमकर हमला बोला। चंद्रशेखर ने कहा कि भाजपा में आंतरिक कलह की स्थिति है। भाजपा के किसी नेता का साथ नहीं मिल रहा था। दो दिनों से किसी भी नेता ने मुझसे संपर्क नहीं किया। बुधवार को मैंने प्रदेश अध्यक्ष बी एस येद्दियुरप्पा को फोन किया, लेकिन उन्होंने मुझसे बात नहीं की। प्रचार के दौरान भी किसी ने मेरा सहयोग नहीं किया। इसलिए, मैं अपना नामांकन वापस ले रहा हूं।
कांग्रेस में होंगे शामिल
नामांकन वापस लेते ही चंद्रशेखर ने एक और बड़ा ऐलान कर दिया। चंद्रशेखर ने कहा कि वो कांग्रेस का दामन थामने जा रहे हैं। चंद्रशेखर ने पार्टी नेताओं के असहयोग के कारण मैदान से हटने और कांग्रेस में वापस लौटने की घोषणा कर दी। राज्य के चिकित्सा मंत्री डी के शिवकुमार के भाई और बेंगलूरु ग्रामीण के सांसद डी के सुरेश की मौजूदगी में चन्द्रशेखर ने कांग्रेस में शामिल होने की घोषणा की। चर्चा यह है कि आज ही वो कांग्रेस में शामिल हो जाएंगे। वहीं, भाजपा के वरिष्ठ नेता तेजी से बदले इस घटनाक्रम से परेशान हैं। जबकि, स्थानीय कार्यकर्ताओं का कहना है कि बाहरी नेताओं पर भरोसा करने के कारण पार्टी को इस असहज स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव के बाद चंद्रशेखर कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। पार्टी में शामिल होते ही भाजपा ने चंद्रशेखर को टिकट देने का ऐलान कर दिया था।
गौरतलब है कि रामनगर विधानसभा सीट से जेडीएस ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी की पत्नी अनीता को अपना प्रत्याशी बनाया है। अनीता कुमारस्वामी के खिलाफ बीजेपी ने एल चंद्रेशेखर को प्रत्याशी बनाया था। चंद्रशेखर के पीछे हटने से अब जेडीएस का यहां से जीतना लगभग तय हो गया है।
Published on:
01 Nov 2018 02:52 pm

