
अमित शाह ने छत्तीसगढ़ की जनता से किए बड़े वादे
CG Election 2023 : केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह शनिवार को सरायपाली के ग्राम खैरमाल में आयोजित जनजातीय समाज के अभिनंदन कार्यक्रम में पंहुचे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सन 2000 में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण का काम किया। 15 साल तक डॉ. रमन सिंह उसे संवारने का काम किया। जब छत्तीसगढ़ मध्य प्रदेश से अलग हुआ तो पूर्व में आदिवासी भाइयों को 20 प्रतिशत आरक्षण मिलता था, जिसे डॉ. रमन सिंह ने भाजपा शासनकाल में 12 प्रतिशत बढ़ाकर 32 प्रतिशत किया।
उन्होंने कहा कि राहुल बाबा छत्तीसगढ़ आए हैं। कुछ न कुछ बोलकर जाएंगे। राहुल बाबा आपने छत्तीसगढ़ आदिवासियों को क्या दिया। इसका हिसाब छत्तीसगढ़ के आदिवासी भाइयों को दीजिए। उन्होनें कहा कि कांग्रेस द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को काम करने नहीं दिया जा रहा हैं। छत्तीसगढ़ को इस भ्रष्टाचार कांग्रेस सरकार से बचाने का काम भाजपा करेगी। उन्होंने आगे कहा कि पूर्व में केंद्र के कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में किसानों को 14 प्रतिशत ब्याज दर पर लोन मिलता था, जिससे भाजपा ने दो प्रतिशत कर दिया है। कोरोना काल में देशवासियों की चिंता करते हुए सभी को दो कोरोना टीका नि:शुल्क लगाने का काम भाजपा सरकार ने किया।
केंद्र सरकार द्वारा गरीब आदिवासियों को 5 किलो मुफ्त में चावल भी दिया जा रहा हैं। लेकिन उन गरीब आदिवासियों के चावल को भूपेश सरकार खा गई। ऐसी सरकार को उखाड़ फेंकने की बात उन्होंने कही। राज्य सरकार पर तीखा वार करते हुए केन्द्रीय गृह मंत्री शाह ने कहा कि छत्तीसगढ़ की बघेल की भ्रष्ट सरकार केंद्र में कांग्रेस का एटीएम बनाना चाहती हैं। यह भगवान राम का ननिहाल है, छत्तीसगढ़ को कदापि ऐसे होने नहीं देंगे बल्कि भाजपा सरकार के जरिए छत्तीसगढ़ को एक विकसित राज्य बनाएंगे। उन्होंने आगे कहा कि आदिवासियों को जल, जंगल, जमीन दी है।
सुरक्षा और सम्मान भी देगें। 12 जनजाति के आदिवासियों को सर्टिफिकेट देने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया है। अब आदिवासी समाज के लोग कलेक्टर, डॉक्टर, इंजीनियर भी बनेंगे। उन्होंने कहा कि आजादी के 75 साल के इतिहास में आज तक किसी भी आदिवासी समाज से किसी को भी राष्ट्रपति नहीं बनाया गया है। जबकि, नरेंद्र मोदी सरकार ने ओडिशा के एक गरीब परिवार की एक आदिवासी महिला द्रौपदी मुर्मू को महामहिम द्रोपदी मुर्मु बनाया है। तेंदूपत्ता तोड़ने वाला आदिवासी भाइयों को चरण पादुका देने का काम पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की भाजपा सरकार ने किया था।
कार्यक्रम में मंच पर सर्व आदिवासी समाज की ओर से समाज के ओडिशा राज्यसभा सांसद निरंजन बिसी, पीएल सिदार, जयदेव भोई, नारायण प्रसाद नैराजी, फणिन्द्र भोई, हेंमत भोई, लखेश्वर श्याम, रोहित सिदार, संध्या भोई, वनमोती भोई, चन्द्रकांति भोई, रामबाई सिदार, युवराज रावल, चिंतामणि भोई, लोकनाथ भोई, शौकीलाल भोई, रमाकांत भोई एवं केन्द्रीय मंत्री रेणुका सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह, सांसद चुन्नीलाल साहू, रूपकुमारी चौधरी, सरला कोसरिया उपस्थित थे।
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने कहा कि समाज के प्रतिनिधि मंडल 12 जनजातियों को अनुसूची में शामिल करने मेरे पास आया था। अस्थायी व्यवस्था के तहत उनका कार्य करवाया जा रहा था, लेकिन स्थायी रूप से उनकी मांगों को अमल करने केंद्र सरकार द्वारा अनुसूची में शामिल करना आवश्यक था। सही समय में केंद्र में भाजपा की सरकार बनी। उनकी मांगों को प्रमुखता से गृह मंत्री अमित शाह के पास रखा गया था। यह कार्य असंभव था, लेकिन गृह मंत्री ने कार्य को संभव कर दिखाया। जिसका प्रतिफल सभी आदिवासी भाइयों को मिलेगा। आज उन सभी आदिवासी भाइयों को अपने आने पीढ़ीयों को 12 जनजातियों को अनुसूची में शामिल करने से उनको न्याय मिला है।
75 साल से मात्रात्मक त्रुटि से जूझ रहे जनजातीय समाज के लोगों को भाजपा के केंद्र सरकार में न्याय मिला। आदिवासियों की मांग पूरा होने पर उनकी ओर से गृह मंत्री अमित शाह को उनके द्वारा धन्यवाद देने कार्यक्रम में आने की बात कही। अनुसूची में शामिल होने के पश्चात समाज के पदाधिकारी हजारों की संख्या में दिल्ली जाने वाले थे, लेकिन हजारों की संख्या में वहां पहुंचना संभव नहीं था।
गर्व का दिन
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि 2 सितंबर का दिन देशवासियों के लिए गर्व का दिन है। बीते दिनों चन्द्रयान 3 की सफलता पर देश को गर्व हुआ था और 2 सितंबर को आदित्य एल 1 के प्रक्षेपण से आने वाले दिनों में सूर्य की कक्षा पर भारत देश की गौरवगाथा गुंजायमान करने को लेकर इसरो के वैज्ञानिकों को शुभकामनाएं प्रेषित की।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि एक गरीब के बेटा नरेंद्र मोदी को देश का प्रधानमंत्री बनाया गया है, जो गरीब के बारे में सबसे पहले सोचते हैं। गांव के गरीब, किसान सभी की तरक्की के लिए कई सारी योजनाएं प्रधानमंत्री द्वारा लागू की गई है। 12 जनजातियों का आदिवासी समाज केंद्र के कांग्रेस के कार्यकाल में न्याय पाने भटक रहे थे।
युवा कांग्रेस ने दिखाया काला झंडा
एनएसयूआई व युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता को पुलिस ने गिरफ्तार कर अस्थाई जेल सिंघोंड़ा थाना ले गई थी, जहां 6 घंटा बाद छोड़ा गया। इसमें लगभग 40 लोगों ने गिरफ्तारी दी। युवा कांग्रेस ने काला झंडा दिखाया।
कांग्रेस सांसदों ने नहीं किया समर्थन
जब राज्यसभा में अनुसूचित जाति की मात्रात्मक त्रुटि सुधार की मांगों को अनुसूची में शामिल करना था, तब छत्तीसगढ़ के कोई भी कांग्रेसीे सांसदों ने समर्थन नहीं किया। केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने आरोप लगाते हुए कहा कि 12 समाज के मात्रात्मक त्रुटि सुधार को लेकर राज्यसभा सत्र के दौरान सत्र से छत्तीसगढ़ के कांग्रेस सांसदों के वॉकआउट किया था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में लोकसभा और राज्यसभा में विधेयक लाने और मात्रात्मक त्रुटि सुधार कर 12 जनजाति समुदाय को उनका हक लौटाते हुए उन्हें स्थायी जाति प्रमाण पत्र पाने का अधिकार दिए जाने की बात कहते हुए सामाजिकजनों को केन्द्र की मोदी सरकार को भरोसे की सरकार बताया।
Published on:
03 Sept 2023 01:59 pm
बड़ी खबरें
View Allराजनीति
ट्रेंडिंग
