
Ghulam Nabi Azad Attack On Congress Leader Says Flatterers Are Accusing Me
कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद एक बार फिर गुलाम नबी आजाद ने पार्टी नेताओं को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। दरअसल आजाद के इस्तीफे को लेकर कांग्रेस नेताओं ने उन पर कई आरोप लगाए हैं। उनके इस्तीफे की टाइमिंग से लेकर उनके इरादे तक पर सवाल उठाए गए। इन्हीं आरोपों के जवाब में गुलाम नबी आजाद ने सोमवार को दिल्ली में अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि,' मुझ पर जो भी आरोप लगा रहे हैं वो सब चापलूस हैं।' यानी गुलाम नबी आजाद ने सीधे तौर पर कांग्रेस के नेताओं को चापलूस कह डाला। यही नहीं उन्होंने कहा कि, मुझ पर आरोप लगा है कि मैंने पद की इच्छा जताई और वो पूरी नहीं हुई तो मैंने पार्टी छोड़ दी। जबकि ऐसा नहीं है। मैंने अगर कोई मांग की थी तो वो थी कैंपेन कमेटी बनाने की। किसी पद को लेकर कभी कोई बात नहीं कही।
गुलाम नबी आजाद ने कहा कि, पीएम मोदी तो बहाना है, जी23 में लिखी चिट्ठी के बाद से ही मैं शीर्ष नेतृत्व के निशाने पर था। नरेंद्र मोदी और मैं एक दुखद घटना को लेकर मायूस थे। इसको भी मुद्दा बनाने की कोशिश की जा रही है। आजाद ने कहा कि, कांग्रेस अब भी नहीं संभली तो हालात और बदतर हो जाएंगे। अब कांग्रेस को दुआ नहीं दवा की जरूरत है। उन्होंने कहा कि मोदी और मुझे जोड़ने वाले ये बात समझ लें कि हम दोनों के दुखद घटना पर भावुक हुए थे।
यह भी पढ़ें - गुलाम नबी आजाद के बाद जम्मू कश्मीर में बिखर सकती है कांग्रेस
गुलाम नबी आजाद ने कहा कि, कांग्रेस वाले सब दूसरी पार्टी में भाग रहे हैं। खुद राहुल गांधी के लाए सब अब लोग दूसरी पार्टियों में जा रहे हैं। इसकी वजह है कि नेतृत्व हीन पार्टी। यहां सारा काम रिमोट कंट्रोल मॉडल पर चल रहा है। यही नहीं गुलाम नबी आजाद ने कहा कि, कुछ लोग एजेंडा सेट करने के लिए राज्यसभा गए हैं।
गुलाम नबी आजाद ने कहा कि मैंने भले ही कांग्रेस छोड़ दी है, लेकिन कांग्रेस की विचारधार नहीं छोड़ी है। कांग्रेस की विचारधारा के साथ ही जम्मू-कश्मीर में नई पार्टी खड़ी करूंगा।
गुलाम नबी आजाद ने कहा कि, जो लोग सोचते हैं मैंने सही समय पर इस्तीफा नहीं दिया तो उन्हें बता दूं कि पार्टी छोड़ना इतना आसान नहीं था। इस्तीफे की चिट्ठी लिखने से पहले मैं तीन रात तक नहीं सोया था और अब भी ठीक से सो नहीं पा रहा हूं।
कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद गुलाम नबी आजाद जल्द नई पार्टी बनाएंगे। इस बात का ऐलान वो खुद कर चुके हैं। माना जा रहा है कि 20 दिन के अंदर उनकी नई पार्टी की घोषणा हो सकती है। जम्मूृ-कश्मीर की जनता और अपने समर्थकों को वो पहले ही कह चुके हैं, प्रदेश के लिए वो अब ज्यादा सक्रिय नजर आएंगे।
Published on:
29 Aug 2022, 12:20 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.