22 जनवरी 2026,

गुरुवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कर्नाटक के बाद अब गोवा में कांग्रेस को बड़ा झटका, 10 विधायक BJP में शामिल

कर्नाटक में सियासी संकट के बीच गोवा में कांग्रेस को झटका कांग्रेस के सभी बागी विधायक अमित शाह से मिलेंगे गोवा के मुख्यमंत्री सावंत ने दी पूरी जानकारी

3 min read
Google source verification
goa cm

कर्नाटक के बाद अब गोवा में कांग्रेस को बड़ा झटका, 10 विधायक BJP में होंगे शामिल

नई दिल्ली। कर्नाटक में जारी सियासी संकट ( karnataka crisis ) के बीच गोवा में भी कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है । कांग्रेस के 10 विधायक भाजपा में शामिल हो गए हैं। कांग्रेस के 10 विधायकों ने विधानसभा स्पीकर से मुलाकात की है। उसके बाद विधायकों ने भाजपा में शामिल होने का फैसला किया। विधायकों ने गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत की मौजूदगी में भाजपा का दामन थामा है। गोवा में भाजपा विधायकों की संख्या अब 27 हो गई है। बता दें कि दो तिहाई से ज्यादा संख्या होने के चलते इन विधायकों पर दल-बदल कानून लागू नहीं होगा।

राज्य के विकास के लिए भाजपा से जुड़ेंगे विधायक

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ( Goa CM Pramod Sawant ) ने जानकारी दी कि विधानसभा में विपक्ष के नेता समेत कांग्रेस के 10 विधायक भाजपा में शामिल होंगे। लोकतंत्र बचाने और राज्य के विकास के लिए ये सभी विधायक भाजपा में शामिल हो रहे हैं। बिना कोई शर्त रखे ये सभी नेता भाजपा में शामिल होंगे।

ये भी पढ़ें: कर्नाटक में सियासी संकट : कांग्रेस के दो और विधायकों ने दिया इस्तीफा, खतरे में कुमारस्वामी की सरकार

अमित शाह और नड्डा से मिलेंगे विधायक

बताया जा रहा है कि सभी बागी विधायक गोवा से दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। देर रात तक सभी दिल्ली पहुंचेंगे और गुरुवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और कार्यकारी अध्यक्ष जे पी नड्डा से मुलाकात करेंगे।

स्पीकर ने विधायकों पत्र स्वीकारा

वहीं गोवा विधानसभा के स्पीकर राजेश पटनेकर ने कहा कि कांग्रेस के 10 विधायकों ने भाजपा में विलय होने का एक पत्र दिया है। वहीं दूसरा पत्र मुख्यमंत्री के नाम सौंपा है। हमने दोनों पत्र को स्वीकार कर लिया है।

ये भी पढ़ें: कर्नाटकः बागी विधायकों से मिलने पहुंचे डीके शिवकुमार को मुंबई पुलिस ने हिरासत में लिया

गोवा के मुख्यमंत्री अच्छा काम कर रहे हैं- चंद्रकांत कावलेकर

विधानसभा में विपक्ष के नेता चंद्रकांत कावलेकर ने कहा कि आज हम 10 विधायकों के साथ भाजपा में शामिल हुए हैं। गोवा के मुख्यमंत्री सावंत अच्छा काम कर रहे हैं। विपक्ष के नेता होने के बाद भी मेरे कार्यक्षेत्र में आज तक विकास नहीं पहुंचा । इसे देखते हुए हमने यह फैसला किया कि हम कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होंगे।

दो तिहाई विधायक अब भाजपा में शामिल

वहीं गोवा के डिप्टी स्पीकर माइकल लोबो ने कहा कि 'कांग्रेस के 10 विधायकों ने भाजपा में विलय कर लिया है। दो तिहाई विधायक अब भाजपा में शामिल हो गए हैं। इन विधायकों का नेतृत्व बाबू कावलेकर(चंद्रकांत कावलेकर) कर रहे हैं।

कांग्रेस का भाजपा पर तीखा हमला

वहीं गोवा में जारी संकट पर गोवा प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष गिरीश चोड़नाकर ने कहा, भाजपा का चेहरा सामने आ चुका है। कांग्रेस के 10 विधायकों को अपने खेमे में जोड़कर अपने गठबंधन सहयोगी और खुद पार्टी के भीतर की असुरक्षा का परिचय दे दिया है। भाजपा वन नेशन वन इलेक्शन नहीं बल्कि वन नेशन वन पार्टी का बनाने की तैयारी में है।

कर्नाटक में जारी सियासी संकट

बता दें कि कर्नाटक में कांग्रेस और जेडीएस के 16 विधायकों ने इस्तीफा दे दिया है। हालांकि विधानसभा स्पीकर ने किसी भी विधायक का इस्तीफा स्वीकार नहीं किया है। स्पीकर ने साफ तौर पर कहा है कि 8 विधायकों ने नियमों के खिलाफ जाकर अपना इस्तीफा दिया है। हमने सभी विधायकों के इस्तीफे नामंजूर कर दिए हैं। अगर विधायकों का इस्तीफा मंजूर होता है तो कुमारस्वामी की सरकार अल्पमत में आ जाएगी।

ये भी पढ़ें: मोदी कैबिनेट से POCSO एक्ट 2012 में संशोधन को मिली मंजूरी, बच्चों से रेप के अपराध में मौत की सजा

कांग्रेस ने भाजपा पर विधायकों को खरीद फरोख्त का आरोप लगाया

कर्नाटक में जारी सियासी संकट को लेकर कांग्रेस ने भाजपा को जिम्मेदार ठहराया है। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा ने लोकतंत्र की हत्या कर विधायकों की खरीद फरोख्त की है। वहीं भाजपा ने कांग्रेस के सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। भाजपा का कहना है कि कांग्रेस और जेडीएस विधायक अपनी सरकार के कामों से खुश नहीं है। जिसको लेकर उन्होंने अपना इस्तीफा दिया है।

येदियुरप्पा ने बहुमत का दावा पेश किया

वहीं कर्नाटक में संकट के बीच पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता बी एस येदियुरप्पा ने विधानसभा में बहुमत होने का दावा किया है। येदियुरप्पा का कहना है कि भाजपा के पास बहुमत है और कुमारस्वामी को तुरंत मुख्यमंत्री पद से अपना इस्तीफा दे देना चाहिए।