
नई दिल्ली। गुजरात ( Gujarat ) में मुख्यमंत्री पद से विजय रुपाणी ( Vijay Rupani Resings ) के त्यागपत्र के बाद रविवार को नए मुख्यमंत्री का नाम सामने आ सकता है। भारतीय जनता पार्टी ( BJP ) के विधायक दल की दोपहर में बैठक होनी है।
इसी बैठक में विधायक दल का नया नेता चुना जाएगा जो गुजरात का अगला मुख्यमंत्री भी होगा। नए विधायक दल के नेता को चुने जाने के लिए भारतीय जनता पार्टी की तरफ से सभी विधायकों को अहमदाबाद पहुंचने का निर्देश दिया गया है। वहीं नरेंद्र सिंह तोमर और प्रहलाद जोशी रविवार को गांधी नगर पहुंचे। बता दें कि विजय रुपाणी ने शनिवार 11 सितंबर को राज्यपाल से मुलाकात के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया।
तोमर और जोशी करेंगे बैठक
गुजरात बीजेपी विधायक दल की बैठक से पहले भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय इकाई की तरफ से पर्यवेक्षक के तौर पर केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और प्रल्हाद जोशी भी अहमदाबाद में पार्टी नेताओं के साथ बैठक करेंगे।
इससे पहले केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग गांधीनगर में गुजरात भाजपा अध्यक्ष सी.आर. पाटिल के आवास पर पहुंचे।
इस दौरान उन्होंने कहा कि जल्द ही गुजरात के नए मुख्यमंत्री का नाम आप सबके सामने होगा। इसको लेकर पार्टी विधायकों की बैठक में ही फैसला लिया जाएगा।
वहीं प्रहलाद जोशी ने कहा कि विधायक दल की बैठक के साथ ही केंद्रीय नेतृत्व तय करेगा कि गुजरात का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा।
खास बात यह है कि इस दौरान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी अहमदाबाद पहुंच सकते हैं।भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता यमल व्यास ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह केंद्रीय पर्यवेक्षकों के साथ विधायक दल की बैठक में शामिल हो सकते हैं। हालांकि अब तक उनके पहुंचने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इस फॉर्मूले पर लग सकती है मुहर
विजय रुपाणी के इस्तीफे के बाद आगामी विधानसभा चुनाव बीजेपी के लिए बड़ी चुनौती है। लिहाजा पार्टी ऐसा कोई भी कदम नहीं उठाना चाहेगी जिसका खामियाजा उन्हें चुनाव में भुगतना पड़े। ऐसे में राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि बीजेपी एक मुख्यमंत्री और 2 उप मुख्यमंत्री के फार्मूले के तहत नई टीम का गठन हो सकती है।
इससे सभी को संतुष्ट करने के साथ सभी समीकरणों को साधने की भी कोशिश की जाएगी।
सीएम रेस में ये नाम आगे
विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए बीजेपी अब किसे गुजरात की कमान सौंपेगे ये बड़ा सवाल है। अटकलें कई नामों पर हैं लेकिन आधिकारिक तौर पर अभी कुछ नहीं कहा जा सकता है।
गुजरात के डिप्टी सीएम नितिन पटेल और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया के नाम सबसे आगे है। बता दें कि, मनसुख मंडाविया गुजरात से बीजेपी के राज्यसभा सांसद हैं। 49 साल के मनसुख मांडविया करीब 2 दशक से राजनीति में सक्रिय हैं।
वहीं नितिन पटेल का नाम आनंदीबेन पटेल को हटाए जाने के बाद भी चर्चा में रहा था, लेकिन कुछ कारणों से वे जगह नहीं बना पाए थे। अब पाटीदार समुदाय को साधने के लिए उन्हें मौका मिल सकता है।
नितिन पटेल को गुजरात सरकार में साल 2001 में वित्त मंत्री बनाया गया था। नितिन पटेल 6 बार के विधायक हैं और तीन दशक का उनका राजनीतिक करियर है।
1990 में पहली बार गुजरात विधानसभा से विधायक बने थे, नितिन पटेल उत्तरी गुजरात के रहने वाले हैं।
जबकि पशुपालन और डेयरी मंत्री पुरुषोत्तम रुपाला और बीजेपी विधायक आरसी फालदू भी मुख्यमंत्री की दौड़ में जगह बनाए हुए हैं।
Updated on:
12 Sept 2021 11:44 am
Published on:
12 Sept 2021 10:22 am
बड़ी खबरें
View Allराजनीति
ट्रेंडिंग
