
नई दिल्ली। जननायक जनता पार्टी (JJP) के अध्यक्ष दुष्यंत चौटाला ने हरियाणा में सरकार बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) को समर्थन का पत्र शुक्रवार को राज्यपाल को सौंप दिया। हालिया विधानसभा चुनाव में जजपा ने 10 सीटों पर जीत दर्ज की थी। वहीं, भाजपा विधायक दल के नेता के रूप में सर्वसम्मति से चुने जाने के बाद मनोहर लाल खट्टर लगातार दूसरी बार हरियाणा के मुख्यमंत्री बनेंगे। पार्टी विधायक अनिल विज ने खट्टर का नाम प्रस्तावित किया और बाकी के 38 विधायकों ने इसका समर्थन किया।
मनोहर लाल खट्टर हरियाणा के राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य से शनिवार दोपहर मिलेंगे और सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। जननायक जनता पार्टी (जजपा) के नेता दुष्यंत चौटाला के भी चंडीगढ़ पहुंचने और राज्यपाल से मिलकर भाजपा के पक्ष में अपनी पार्टी का समर्थन पत्र सौंपने की उम्मीद है। शपथ ग्रहण समारोह रविवार दोपहर दो बजे होने की संभावना है। खट्टर शनिवार सुबह नई दिल्ली से भाजपा विधायक दल की बैठक में शामिल होने के लिए यहां पहुंचे, जिसमें केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद और भाजपा महासचिव अरुण सिंह शामिल हुए।
भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि भाजपा प्रदेश में सबसे बड़ी पार्टी बनकर ऊभरी है और वह राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेगी। उन्होंने कहा कि जब भी राज्यपाल हमें उपयुक्त समय देंगे, शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। उप-मुख्यमंत्री के पद पर रविशंकर प्रसाद ने स्पष्ट किया कि केवल एक ही होगा। उन्होंने मीडिया के एक अन्य प्रश्न के उत्तर में कहा कि मंत्रिमंडल और उसके संविधान के निर्माण का निर्णय लेना मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार होगा।
Published on:
26 Oct 2019 04:02 pm

बड़ी खबरें
View Allराजनीति
ट्रेंडिंग
