कांग्रेस ने बीजेपी के इस संभावित तोड़फोड़ से बचने के लिए अपने विधायकों को राज्य से बाहर भेजने की कवायद शुरू कर दी है। माना जा रहा है कि गुजरात में अहमद पटेल को राज्यसभा सीट दिलाने के लिए विधायकों का प्रबंधन करने वाले सिद्दारमैया सरकार में ऊर्जा मंत्री डीके शिवकुमार को ही फिर से कमान सौंपी जा सकती है। कांग्रेस के 70 विधायक जीत दर्ज कर चुके हैं, जबकि करीब 08 सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशी आगे चल रहे हैं। जेडीएस 37 सीटों पर जीत चुकी है, जबकि अब रूझानों में वह किसी पर भी आगे नहीं है। कांग्रेस ने सोनिया गांधी की सहमति से जेडीएस को समर्थन देने का ऐलान किया था। इसके बाद जब जेडीएस नेता और मुख्यमंत्री पद के दावेदार कुमारस्वामी राज्यपाल वजुभाई वाला से मिलने राजभवन पहुंचे तो उनके साथ कांग्रेस के दिग्गज नेता गुलाम नबी आजाद, मल्लिकार्जुन खड़गे और कर्नाटक के निवर्तमान मुख्यमंत्री के सिद्दारमैया भी थे।