
नई दिल्ली। इस साल पूर्वोत्तर के तीन राज्य- त्रिपुरा, नगालैंड और मेघालय के विधानसभा चुनावों से शुरू हुआ चुनाव का सिलसिला कर्नाटक आ पहुंचा है। भारत के दक्षिणी राज्य कर्नाटक के आगामी विधानसभा चुनाव के लिए मुख्य विरोधी पार्टियों भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस ने अपनी अपनी कमर कस ली है। दोनों पार्टियों के मुख्यमंत्री उम्मीदवारों ने राज्य में अपना दम दिखाना शुरू कर दिया है। कर्नाटक के वर्तमान मुख्यमंत्री व कांग्रेस के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार सिद्धारमैया ने अपनी पुरानी सीट छोड़कर दो विधानसभा सीटों से चुनाव लड़ने का फैसला किया है। सिद्धारमैया ने चामुंडेश्वरी निर्वाचन क्षेत्र और बादामी विधानसभा सीट से नामांकन दाखिल किया है। इससे पहले सिद्धारमैया दो बार (1994 और 2006) राज्य के उपमुख्यमंत्री भी रह चुके हैं, तो वहीं भाजपा के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार बी.एस. येदियुरप्पा ने शिकारीपुरा विधानसभा क्षेत्र से नामांकन दाखिल किया है।
कुल आबादी 2,78,344
कर्नाटक विधानसभा सीट संख्या-23 बादामी विधानसभा क्षेत्र बागलकोट लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आती है। बादामी बागलकोट जिले का एक शहर और एक तालुका मुख्यालय है। 2011 की जनगणना के अनुसार, विधानसभा क्षेत्र की कुल आबादी 2,78,344 थी, जिसमें 69.8 फीसदी ग्रामीण हैं और 30.2 फीसदी शहरी आबादी है। बादामी को पहले वतापी नाम से जाना जाता था और इसका भारत के इतिहास में महान महत्व है। यह 540 से 757 ईस्वी तक बादामी चालुक्य वंश की राजधानी रही थी। बादामी की औसत साक्षरता दर 64.8 प्रतिशत है जिसमें पुरुषों 59 प्रतिशत और 41 प्रतिशत महिलाएं साक्षर हैं। बादामी के गुफा मंदिर और किले देश भर में प्रसिद्ध हैं और यहां हर साल पर्यटक घूमने आते हैं। बादामी में विभिन्न युगों के चार मुख्य बलुआ पत्थर गुफा मंदिर हैं, जो इस क्षेत्र के ऐतिहासिक महत्व को दर्शाते हैं।
कांग्रेस के चिम्मानकट्टी बलप्पा भीमप्पा काबिज
बात करें क्षेत्रीय राजनीति की, तो यहां वर्तमान में कांग्रेस के विधायक और दिग्गज नेता चिम्मानकट्टी बलप्पा भीमप्पा काबिज हैं। 2013 कर्नाटक विधानसभा चुनाव में भीमप्पा ने जनता दल (सेक्युलर) के उम्मीदवार महांतेश गुरुपडप्पा ममदपुर को 15,113 मतों से हराकर इस सीट पर कब्जा जमाया था। इससे पहले उन्होंने 1994 और 1999 विधानसभा चुनावों में भी इस सीट पर जीत दर्ज की थी, लेकिन 2004 और 2008 में उन्हें भाजपा के महागुंडप्पा कालप्पा के हाथों लगातार दो बार शिकस्त झेलनी पड़ी थी। वर्ष 2008 और 2013 में वरुणा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीतने वाले मुख्यमंत्री और कांग्रेसी नेता सिद्धारमैया ने इस बार बादामी विधानसभा क्षेत्र से नामांकन दाखिल किया है। उन्होंने वरुणा विधानसभा क्षेत्र से अपने बेटे यतींद्र को खड़ा किया है। सिद्धारमैया कई वर्षों तक विभिन्न जनता परिवार गुटों के सदस्य रहे हैं।
Published on:
02 May 2018 11:37 am
बड़ी खबरें
View Allराजनीति
ट्रेंडिंग
