
गडग। कर्नाटक विधानसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का धुंआधार चुनाव प्रचार जारी है। आज गडग में पीएम ने कांग्रेस पर जोरदार हमला करते हुए कहा कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव के बाद वह ‘पीपीपी’ यानी पंजाब, पुड्डुचेरी और परिवार कांग्रेस बनकर रह जाएगी।
कर्नाटक के बाद ‘पीपीपी’ पार्टी होगी कांग्रेस
कर्नाटक विधानसभा के 12 मई को होने वाले चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी का प्रचार करने आए मोदी ने कहा कि 15 मई को विधानसभा चुनाव के परिणाम आएंगे। कांग्रेस को देश की जनता ने नकार दिया है। पार्टी को मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, गोवा, गुजरात, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और त्रिपुरा के विधानसभा चुनावों में शिकस्त मिल चुकी है और कर्नाटक के नतीजों के बाद कांग्रेस सिकुड़कर ‘पीपीपी’ पार्टी रह जाएगी।
कांग्रेस के नेताओं ने यहां खूब माल बटोरा: मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि कर्नाटक में हार को लेकर कांग्रेस बहुत चिंतित है और इसके पीछे कारण भी है। यहां पार्टी के नेताओं और मंत्रियों ने खूब माल बटोरा है और यह पैसा दिल्ली तक पहुंचा है। कांग्रेस ने कर्नाटक के लिए कुछ नहीं किया और उसके नेता केवल राज्य को लूटने में जुटे रहे। उनके नेताओं को यह चिंता सता रही है कि यदि कर्नाटक हाथ से निकल गया तो दिल्ली में बैठे उनके आकाओं का क्या होगा। कांग्रेस के राज में पूरे कर्नाटक में माफिया का जाल फैला हुआ है और ‘वसूली’ का जोर है। एक बार कर्नाटक के हाथ से निकल जाने के बाद ‘वसूली माफिया’ का क्या होगा।
जबतक जेब भरी हो खुश रहते हैं कांग्रेसी: मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की नीतियों और नीयत के बारे में गडग के लोगों से बेहतर कोई नहीं जानता है। कांग्रेस को यहां के प्राकृतिक संसाधनों के क्षरण की कोई चिंता नहीं है। जब तक कांग्रेस नेताओं की जेबें भरी हैं वे प्रसन्न रहते हैं। कांग्रेस कर्नाटक के वनों में भ्रष्टाचार के अवसर देख रही है और उसकी मौजूदगी भ्रष्टाचार की मुख्य जड़ है। उन्होंने ने कहा कि कर्नाटक के मुख्यमंत्री को श्रीमती सोनिया गांधी से 2007 में महादायी जल के वायदे के बारे में पूछना चाहिए। यदि सिद्धारमैया को श्रीमती गांधी का वादा याद होगा तो वह राज्य की जनता को गुमराह नहीं करेंगे। कांग्रेस महादायी के नाम पर लोगों को गुमराह कर रही है। कांग्रेस अपना वास्तविक चेहरा उजागर कर रही है और लोगों को इसकी जानकारी होनी चाहिए। इन सब बातों को ध्यान में रखते हुए विधानसभा चुनाव परिणाम के बाद कर्नाटक की जनता कांग्रेस को एक क्षेत्रीय पार्टी बनाने जा रही है।
कांग्रेस में ‘निविदा तंत्र’: पीएम
उन्होंने कहा कि कांग्रेस में ‘निविदा तंत्र’ चलता है जिसके जरिए टिकटों का वितरण और नेताओं का चयन किया जाता है। यही नहीं, इस तंत्र के माध्यम से ही मुख्यमंत्री भी नियुक्त किया जाता है। मोदी ने कहा कि कर्नाटक की कांग्रेस सरकार केवल‘नामदारों’ के लिए काम कर रही है, जबकि उसे ‘कामगारों’ से कोई लेना-देना नहीं है।
मोदी का आलू और सोने से कांग्रेस पर तंज
प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि कर्नाटक सरकार के कार्यकाल में राज्य में खादी और हैंडलूम क्षेत्र बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कांग्रेस राज्य में झूठ बोलकर समाज को विभाजित करने में जुटी हुई है और रोजाना कोई न कोई नया नाटक कर रही है। इससे पहले तुमकुरु में रैली को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि स्वर्गीया इंदिरा गांधी के कार्यकाल से लेकर चार साल पहले तक कांग्रेस चुनाव जीतने के लिए ‘गरीब, गरीब, गरीब’ की रट लगाती थी। जो लोग आलू से सोना उगाने के बारे में सोचते हैं, अब‘किसान, किसान’जपने लगे हैं।
Published on:
05 May 2018 06:02 pm
बड़ी खबरें
View Allराजनीति
ट्रेंडिंग
