
केरल: वायनाड सीट से आज नामांकन करेंगे राहुल गांधी, प्रियंका के साथ करेंगे रोड शो
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी गुरुवार को केरल की वायनाड सीट से अपना नामांकन दाखिल करेंगे। राहुल गांधी नामांकन दाखिल करने बुधवार रात को कालीकट पहुंच गए थे। कांग्रेस महासचिव और केरल के पूर्व सीएम ओमन चांडी ने जानकारी देते हुए बताया कि लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने से पहले वह एक रोड शो करेंगे। चांडी ने बताया कि राहुल की उम्मीदवारी के कारण दक्षिण भारत में पूरा चुनावी परिदृश्य काफी बदल गया है।
तुषार वेल्लापल्ली ने नामांकन किया दाखिल
उन्होंने कहा कि राहुल के वायनाड आने से एक जोरदार व स्पष्ट संदेश जाता है कि कांग्रेस एक ऐसी पार्टी है जो पूरे देश को एक रूप में देखती है। उनकी उम्मीदवारी केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु में कांग्रेस की सफलता को बढ़ाएगी। वायनाड जिला ऐसा है जो कर्नाटक और तमिलनाडु दोनों प्रदेशों के साथ सीमा साझा करता है। वहीं, राहुल गांधी के प्रतिद्धंदी और एनडीए के उम्मीदवार तुषार वेल्लापल्ली ने बुधवार को अपना नामांकन दाखिल कर दिया है।
त्रिशूर लोकसभा क्षेत्र से किया गया स्थानांतरित
तुषार वेल्लापल्ली केरल में भाजपा के सहयोगी भारत धर्म जन सेना (बीडीजेएस) के प्रमुख हैं। नामांकन से पहले वेल्लापल्ली ने कहा कि अगर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी केरल के वायनाड से लोकसभा चुनाव लड़ते हैं तो उन्हें हार का सामना करना पड़ेगा। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने सोमवार को वेल्लापल्ली की उम्मीदवारी की घोषणा की, जिन्हें गांधी के खिलाफ खड़ा करने के लिए त्रिशूर लोकसभा क्षेत्र से स्थानांतरित किया गया था।
Updated on:
4 Apr 2019, 11:28 AM IST
Published on:
4 Apr 2019, 8:11 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.