
लालू के घर में फूट के आसार, तेजप्रताप की नाराजगी से आरजेडी में भूचाल
नई दिल्ली। बाहर से भले ही आरजेडी में सबकुछ सही दिख रहा हो लेकिन हकीकत में वैसा है नहीं। पहली बार लालू के दोनों बेटों के बीच पार्टी पर पकड़ को लेकर तकरार की बातें सामने आई हैं। बताया जा रहा है कि पार्टी के कामकाज में अपनी उपेक्षा से नाराज तेज प्रताप यादव ने बगावती तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। हालांकि इस बात की पुष्टि किसी ने नहीं की है। यहां तक कि तेज प्रताप ने भी मीडिया की तरफ से सवाल पूछे जाने पर इन बातों को बेबुनियाद करार दिया है। इसके बावजूद ये सवाल इसीलिए उठ रहे हैं, क्योंकि तेज प्रताप ने पार्टी के खिलाफ खुलकर असंतोष जाहिर कर दिया है। उन्होंने साफ कर दिया है कि अपने घर और पार्टी दोनों मोर्चे पर उनकी उपेक्षा हो रही है।
उपेक्षा से आहत हैं तेज प्रताप
बिहार के राजनीतिक गलियारे में ये बात शनिवार को तेजी से फैली। तेज प्रताप का एक वीडियो वायरल होने के बाद मतभेद की बातों को तूल दिया जाने लगा है। वायरल वीडियो में लालू के बड़े बेटे इस बात को लेकर नाराज दिख रहे हैं कि पार्टी में उनकी कोई नहीं सुन रहा है। वीडियो में तेज प्रताप यादव आरजेडी नेता राजेंद्र पासवान की बात करते हुए दिखाई दे रहे हैं। पासवान दलित समाज से आते हैं। वो राजेंद्र को पार्टी में सम्मानजनक पद दिलाना चाहते हैं। वीडियो में तेज प्रताप इस बात की भी शिकायत करते नजर आ रहे हैं कि उनकी इस मांग की पार्टी के द्वारा अनदेखी की जा रही है। इस वायरल वीडियो में वह आरजेडी के अंदर कुछ असामाजिक तत्वों की एंट्री की बात कह रहे हैं, जो पार्टी को न केवल कमजोर कर रहे हैं, बल्कि उन्हें तेजस्वी के साथ लड़वाने की कोशिश कर रहे हैं। इसके अलावा उनकी शिकायत ये भी है कि अगर वो पार्टी के किसी भी नेता को फोन करते हैं, तो कोई रिस्पांस नहीं देता है। लालू के घर में इस फूट से सत्ताधारी पार्टी जेडीयू और भाजपा को आरजेडी के खिलाफ नया हथियार मिल गया है।
लालू के बड़े बेटे पर ऐश्वर्या असर
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक तेज प्रताप ने पार्टी में अपनी अनदेखी की बात अपनी पत्नी ऐश्वर्या को बताई, तो यह सुनकर वो सदमे में आ गईं। यही कारण है कि आरजेडी के अगले प्रदेश अध्यक्ष को लेकर तेज प्रताप और तेजस्वी यादव में ठन गई है। तेज प्रताप एक तरफ जहां राजेंद्र पासवान को पार्टी का अगला प्रदेश अध्यक्ष बनाना चाहते हैं, वहीं तेजस्वी यादव पूर्व मंत्री शिवचंद्र राम को प्रदेश अध्यक्ष बनाने के पक्ष में है। बिहार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेज प्रताप का कहना है कि उनकी उनके भाई के साथ टकराव की जो खबरें आ रही हैं, वो पूरी तरह से गलत हैं। वो तेजस्वी को अपने जिगर का टुकड़ा बता रहे हैं। वह कह रहे हैं कि पार्टी के अंदर जो असामाजिक तत्व है, वो आरजेडी को तोड़ने की और लालू प्रसाद यादव को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। तेज प्रताप इस वीडियो में मांग कर रहे हैं कि पार्टी के अंदर जो असामाजिक तत्व घुस गए हैं, उन्हें आलाकमान तुरंत बाहर निकालें।
विरोधियों के षडयंत्र से सचेत रहें पार्टी कार्यकर्ता
तेजप्रताप के इस वायरल वीडियो के सामने आने और विवाद शुरू होने के बाद तेजस्वी यादव ने एक ट्वीट किया है। इस ट्वीट में उन्होंने बताया है कि आरजेडी और गठबंधन सहयोगियों के सामने साल 2019 के लिए एक नई सरकार बनाने की बड़ी जिम्मेदारी है, लेकिन हम उन असामाजिक तत्वों से सावधान रहना है, जो इस एकता में सेंध लगाना चाहते हैं।
Published on:
10 Jun 2018 11:19 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
