
fgfg
नई दिल्ली।भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को लोकसभा चुनाव 2019 के लिए अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है। भाजपा ने घोषणापत्र को संकल्प पत्र का रूप दिया है। देश के मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने पहले ही अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है। कांग्रेस ने अपने मेनिफेस्टो में न्याय योजना का ऐलान किया है। आपको बता दें कि पहले चरण के लिए मंगलवार चुनाव प्रचार थम जाएगा। संकल्प पत्र का नाम 'संकल्पित भारत, सशक्त भारत' रखा गया है। संकल्प पत्र की घोषणा केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने की।
संकल्प पत्र में जन के मन की बात
इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले पांच साल में देशवासियों ने उनपर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के संकल्प पत्र में जन के मन की बात है। पीएम मोदी ने कहा कि संकल्प पत्र में 3 प्रमुख बातों का उल्लेख किया गया है। उन्होंने कहा कि अपने इस कार्यकाल में हमने सामान्य मानवीय की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर शासन चलाया। अब उनकी आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए हम क्या कर सकते हैं, वो संकल्प पत्र में लेकर आए हैं।
1— राष्ट्रवाद हमारी प्रेरणा है
2— अंतोद्य हमारा दर्शन है
3— सुशासन हमारा मंत्र है
'देश आज एक आर्थिक महाशक्ति बन गया'
भाजपा अध्यक्ष ने कहा 2014 में भाजपा ने तत्कालीन गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प लेकर सत्ता में आई थी। पूर्ण बहुमत के बाद भी भाजपा ने एनडीए की सरकार बनाई। इन पांच साल को स्वर्ण अक्षरों में अंकित किया जाएगा। 5 साल में मोदी सरकार ने कई निर्णायक फैसले लिए हैं। शाह ने कहा आज देश मे जो विकास दिख रहा है, वह मोदी सरकार की बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि बीते पांच साल स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएंगे। 2014 में देश ने ऐतिहासिक जनादेश दिया। पिछले पांच सालों के दौरान किए गए कामों और प्रयासों का ही नतीजा है कि आज देश एक आर्थिक महाशक्ति बन गया है।
2019 चुनावी संकल्प पत्र को 2022 तक पूरा किया जाएगा
इस दौरान केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि एनडीए की सरकार में 5 सालों ने अपने सारे वादे पूरा करने का काम किया है। अब 2019 चुनावी संकल्प पत्र को 2022 तक पूरा किया जाएगा। संकल्प पत्र की विशेषताएं गिनाते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि संकल्प पत्र को 12 श्रेणियों में विभाजित किया है। 12 कमेटियों ने संकल्प पत्र तैयार करने में भूमिका निभाई है। भाजपा संकल्प पत्र में 75 संकल्पों को जगह दी गई है। संकल्प पत्र देश के सभी समुदायों से चर्चा करने के बाद तैयार किया गया है। संकल्प पत्र में नए भारत के विकास के लिए कदम उठाए गए हैं। इसके लिए 300 रथ व 2700 सुझाव पेटियों से लोगों के सुझाव प्राप्त हुए। उन्होंने कहा कि संकल्प पत्र में राष्ट्रवाद के प्रति पूरी प्रतिबद्धता है, आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाएंगे। राजनाथ ने कहा कि राममंदिर के बारे में पिछले घोषणापत्र में जो वायदा किया था, उसे 2019 के संकल्प पत्र में भी दोहराया गया है।
1 लाख 16 हजार गावों को ऑप्टिकल फाइबर
इस मौके पर केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कहा कि ये सरकार जो वादे करती है, उनको पूरा भी करती है। उन्होंने कहा कि भारत अब विश्व की महाशक्ति बन गया है। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने कहा कि 2014 तक हमारे केवल 59 गांव ऑप्टिकल फाइबर से कनेक्टिड थे। लेकिन आज 1 लाख 16 हजार गावों को ऑप्टिकल फाइबर के माध्यम से जोड़ा जा चुका है। उन्होंने कहा कि सबसे पहले तो आप सभी मीडिया के मित्र हमारे शीर्षक और दूसरी पार्टियों के शीर्षक में अंतर समझे। बाकी पार्टियां घोषणा पत्र लेकर आई है, लेकिन हम संकल्प पत्र लेकर आए हैं और इन संकल्पो को पूरा करने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं।
राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में तैयार हुआ संकल्प पत्र
गौरतलब है कि भाजपा का यह संकल्प पत्र गृह मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में तैयार किया गया है। भाजपा ने राजनाथ सिंह ने संकल्प पत्र (घोषणा पत्र) समिति बनाई थी। इसके तहत देशभर से करीब 7500 सुझाव पेटियों, 300 रथों एवं इलेक्ट्रानिक माध्यमों से सुझाव प्राप्त किए गए। इससे पहले भाजपा ने रविवार को ही अपना थीम सॉन्ग और टैगलाइन जारी किया था। भाजपा इस बार ‘फिर एक बार, मोदी सरकार’ के मंत्र लेकर आगे आई है।
पहले चरण के लिए मतदान 11 अप्रैल को
वहीं, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी इस दौरान उपस्थित नहीं हो पाए। बताया गया कि गडकरी के क्षेत्र में पहले चरण में चुनाव है, प्रचार के आखिरी दो दिन होने के कारण वह शामिल नहीं हो पाए। आपको बता दें कि 2019 का लोकसभा चुनाव के लिए सात चरण में मतदान होना है। पहले चरण के लिए 11 अप्रैल को मतदान होगा। मतदान के प्रथम चरण में 20 राज्यों की कुल 91 सीटों पर वोट डाले जाएंगे।
Indian Politics से जुड़ी Hindi News के अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर Like करें, Follow करें Twitter पर ..
Lok sabha election Result 2019 से जुड़ी ताज़ातरीन ख़बरों, LIVE अपडेट तथा चुनाव कार्यक्रम के लिए Download patrika Hindi News App.
Updated on:
09 Apr 2019 07:16 am
Published on:
08 Apr 2019 11:56 am
बड़ी खबरें
View Allराजनीति
ट्रेंडिंग
