
लोकसभा चुनाव: तेलंगाना में कांग्रेस को झटका, वरिष्ठ नेता पी. रेड्डी पार्टी छोड़ भाजपा में शामिल
हैदराबाद। आम चुनाव 2019 के पहले फेज का मतदान होने में अब करीब दो सप्ताह से भी कम वक्त रह गया है और उससे पहले राजनीतिक दलों में जोड़-तोड़ के साथ-साथ नेताओं में पाला बदलने का सिलसिला भी जारी है। इसी कड़ी में दक्षिण की किला को मजबूत करने की दिशा में भाजपा को एक बड़ी सफलता मिली है। दरअसल कांग्रेस के बड़े नेता पोंगुलेटी सुधाकर रेड्डी ने पार्टी से इस्तीफा देते हुए रविवार को भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। रेड्डी ने शनिवार को ही पार्टी से इस्तीफा दिया था। बता दें कि रविवार को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की मौजूदगी में सुधाकर रेड्डी ने भाजपा का दामन थामा। इस संबंध में रेड्डी ने कहा कि वे आधिकारिक तौर पर आज यानी रविवार को भाजपा में शामिल हुए हैं। कल (सोमवार) को हैदराबाद में होने वाली प्रधानमंत्री की रैली में भाग लेंगे।
रेड्डी के पार्टी में आने से तेलंगाना में भाजपा मजबूत: राम माधव
रेड्डी के भाजपा में शामिल होने को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव राम माधव ने कहा है कि वे (सुधाकर रेड्डी) कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता रह चुके हैं और आज (रविवार) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में काम करने के लिए भाजपा में शामिल हुए हैं। सुधाकर रेड्डी के पार्टी में शामिल होने से तेलंगाना में भाजपा की स्थिति काफी मजबूत हुई है। बता दें कि भाजपा में शामिल होने से पहले रेड्डी ने पीएम मोदी को संबोधित करते हुए एक पत्र भी लिखा था, जिसमें उन्होंने पीएम मोदी की तारीफ की थी और लिखा था कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं में से एक के रूप में आपके नेतृत्व में काम करने के लिए मैं आभारी रहूंगा। उन्होंने आगे कहा था कि उन्हें उम्मीद है कि मोदी दूसरी बार भी देश के प्रधानमंत्री बनेंगे।
Read the Latest India news hindi on Patrika.com. पढ़ें सबसे पहले India news पत्रिका डॉट कॉम पर.
Updated on:
01 Apr 2019 06:17 am
Published on:
01 Apr 2019 12:15 am
