नई दिल्ली। केंद्र सरकार और आम आदमी पार्टी के बीच मचा राजनीतिक घमासान फिलहाल थमता हुआ दिखाई नहीं दे रहा है। जहां एक ओर अपनी मांगों को लेकर सीएम अरविंद केजरीवाल और उनके तीन मंत्री उपराज्यपाल के घर में धरने पर बीते दिनों से बैठे हैं वहीं दूसरी ओर बुधवार को भाजपा नेताओं ने भी मुख्यमंत्री के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए अरविंद केजरीवाल के घर पर धरने में बैठ गए हैं। हालांकि इन सबके बीच मामले को सुलझाने के लिए गुरूवार की शाम उपराज्यपाल अनिल बैजल केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह से मिलने के लिए उनके आवास पर पहुंचे। आपको बता दें कि उपराज्यपाल के घर पर आम आदमी पार्टी सरकार के मंत्री और सीएम केजरीवाल का धरना प्रदर्शन जारी है। इसी सिलसिले में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता गुरुवार की शाम दिल्ली में एक कैंडल लाइट मार्च निकालने वाले हैं।