
Mehbooba Mufti
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती गुरुवार को अपने एक ट्वीट को लेकर सोशल मीडिया पर ट्रोल हो गईं। हालांकि उन्होंने बाद में इस गलती को सुधार लिया। दरअसल, महबूबा मुफ्ती ने अपने एक ट्वीट में उत्तर प्रदेश के शहर मुजफ्फरनगर की जगह पाकिस्तान के मुजफ्फराबाद का जिक्र कर दिया। हालांकि उसके कुछ देर बाद ही उन्होंने अपनी गलती सुधारी और एक नए ट्वीट में मुजफ्फरनगर का जिक्र किया।
मुजफ्फरनगर दंगों का जिक्र कर रही थीं महबूबा मुफ्ती
महबूबा मुफ्ती ने इस ट्वीट के जरिए बीजेपी और कांग्रेस को निशाना बनाया था। अपने ट्वीट में महबूबा मुफ्ती ने कहा था, ''यूपी में योगी सरकार ने मुजफ्फरनगर (महबूबा के ट्वीट में मुजफ्फराबाद) दंगे के सभी आरोपियों के खिलाफ चल रहे केसों को वापस ले लिया है, वहीं मध्य प्रदेश सरकार ने गोकशी के तीन आरोपियों के खिलाफ पीएसए (एनएसए) लगाया। उत्तर प्रदेश से मध्य प्रदेश तक राजनीतिक रुख धुंधले हो रहे हैं। कांग्रेस एवं बीजेपी के बीच अंतर करना मुश्किल हो रहा है। आधुनिक भारत में हिंदुत्व ही वास्तविक राजनीति को चलाता है।’
बीजेपी-कांग्रेस को बताया हिंदुत्व की पार्टी
पीडीपी अध्यक्ष ने अपने ट्वीट में कांग्रेस और बीजेपी को एक ही विचारधारा की पार्टी बताया। महबूबा मुफ्ती ने कहा कि दोनों में फर्क करना मुश्किल है, क्योंकि दोनों पार्टियां हिंदुत्व के मुद्दे पर ही राजनीति करती हैं।
- आपको बता दें कि मध्य प्रदेश की कांग्रेस सरकार द्वारा गोकशी के एक मामले में 3 आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून लगाने का ऐलान किया तथा उत्तर प्रदेश की बीजेपी सरकार द्वारा 2013 के मुजफ्फरनगर दंगा मामलों के 100 आरोपियों के खिलाफ 38 मामले वापस लेने की सिफारिश की गई।
Published on:
6 Feb 2019, 8:33 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.