
Rajeev bindal
शिमला: हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस को सत्ता से बाहर कर भारतीय जनता पार्टी ने पूर्ण बहुमत के साथ राज्य में जयराम ठाकुर के नेतृत्व में सरकार बनाई है। बुधवार को हिमाचल प्रदेश में विधानसभा अध्यक्ष की भी नियुक्ति कर दी गई और डॉक्टर राजीव बिंदल को नवनिर्वाचित विधानसभा अध्यक्ष बनाया गया है।
जयराम ठाकुर ने किया बिंदल का समर्थन
भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉक्टर राजीव बिंदल को सर्वसम्मति से तेरहवीं हिमाचल प्रदेश विधानसभा का अध्यक्ष चुना गया है। उनके नाम के चार प्रस्ताव किए गए। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने उनके नाम का प्रस्ताव किया जबकि शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज ने उसका समर्थन किया। सदन ने इसे स्वीकार कर लिया। इसके बाद बिंदल अध्यक्ष घोषित कर दिए गए।
चारों प्रस्ताव सर्वसम्मति से हुए पास
वहीं विपक्ष ने भी बिंदल के नाम का समर्थन किया। कांग्रेस विधायक दल के नेता मुकेश अग्निहोत्री ने इसके बाद प्रस्ताव पेश किया, जिसका समर्थन पूर्व मुख्यमंत्री व वरिष्ठतम सदस्य वीरभद्र सिंह ने किया। सत्ता पक्ष की ओर से दो और प्रस्ताव पेश किए गए। चारों प्रस्ताव ध्वनिमत से पारित कर दिए गए।
बिंदल का राजनीतिक जीवन
डॉक्टर राजीव बिंदल का जन्म 1955 में हिमाचल के सोलन जिले में हुआ था। उन्होंने आयुर्वेद चिकित्सा में ग्रैजुएशन की है। पढ़ाई के बाद बिंदल संघसे जुड़े और आपातकाल के दौरान 6 महीने जेल में भी रहे थे। उन्होंने अपना राजनीतिक जीवन 1995 में शुरू किया था, जब वो पहली बारी सोलन से नगर पंचायत के अध्यक्ष चुने गए। इसके बाद सोलन विधानसभा क्षेत्र में 2000 में कराए गए उपचुनाव में बिंदल पहली बार विधायक चुने गए। बिंदल वर्ष 2003 व 2007 में
फिर विधायक चुने गए। बिंदल 2007 से 2012 तक प्रेम कुमार धूमल के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार में कैबिनेट मंत्री भी थे। सोलन सीट आरक्षित किए जाने के बाद बिंदल ने सिरमौर जिले की नाहन सीट से चुनाव लडा व जीत हासिल की।
विधानसभा की स्थिति
पिछले साल दिसम्बर के विधानसभा चुनाव में बिंदल पांचवी बार विधायक चुने गए। विधानसभा उपाध्यक्ष का चुनाव
गुरूवार को कराया जाएगा। विधानसभा के कुल 68 सदस्यों में भाजपा के 44 सदस्य है। कांग्रेस के सदस्य 21 है। दो निर्दलीय सदस्य व एक माक्र्सवादी क्मयुनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया का सदस्य है।
Published on:
10 Jan 2018 06:09 pm
बड़ी खबरें
View Allराजनीति
ट्रेंडिंग
