नई दिल्ली। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह रविवार को भुवनेश्वर पहुंचे। भुवनेश्वर एयरपोर्ट पर शाह का स्वागत केंद्रीय मंत्री जुएल और धर्मेंद्र प्रधान ने किया। इस मौके पर पार्टी के प्रदेश इकाई के अध्यक्ष बसंत पंडा के साथ काफी संख्या में भाजपा वरिष्ठ नेता एयरपोर्ट पर उपस्थित थे।
भुवनेश्वर एयरपोर्ट से कड़ी सुरक्षा के बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शाह को विशाल रैली में पार्टी कार्यालय लाया गया। यह रैली शिशु भवन चौक, राजमहल चौक, मास्टर कैंटीन चौक होते हुए पार्टी कार्यालय पहुंची। आपको बता दें कि आम चुनाव से पहले पार्टी की सांगठनिक स्थिति को लेकर सीधे तौर पर कार्यकर्ताओं के साथ संपर्क करने के लिए शाह यहां पहुंचे हैं। इसी के तहत भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष शाह ने आज पुरी, भुवनेश्वर, कटक में पार्टी की स्थिति एवं संभावित उम्मीदवारों पर चर्चा की। अमित शाह के भुवनेश्वर पहुंचकर इस तरह से रणनीति तैयार करने को लेकर राज्य भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।