
PM Modi remembers Former President Pranab Mukherjee and posts various photos
नई दिल्ली। देश के पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी का सोमवार को 84 वर्ष की आयु में निधन हो गया। प्रणब दा के निधन पर राष्ट्रपति, उप-राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, गृह मंत्री समेत तमाम वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें याद करते हुए श्रद्धांजलि दी है। जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके निधन पर गहरा शोक जताते हुए थोड़े भावुक नजर आए। पीएम मोदी ने प्रणब मुखर्जी के साथ अपनी पुरानी तस्वीरों को ट्विटर पर शेयर कर उनके प्रति अपनी श्रद्धांजलि दी है। पीएम मोदी ने बताया कि उनसे मिली सलाहें यादगार हैं।
प्रधानमंत्री ने अपने ट्वीट में लिखा, "भारत रत्न श्री प्रणब मुखर्जी के निधन पर पूरा भारत शोक व्यक्त करता है। उन्होंने हमारे राष्ट्र के विकास पथ पर एक अमिट छाप छोड़ी है। एक उत्कृष्ट विद्वान और एक कुशल राजनीतिज्ञ थे। समूचे राजनीतिक वर्ग और समाज के सभी वर्गों में उनकी प्रशंसा होती थी।"
प्रधानमंत्री ने आगे लिखा, "दशकों तक चले अपने राजनीतिक जीवन के दौरान श्री प्रणब मुखर्जी ने प्रमुख आर्थिक और रणनीतिक मंत्रालयों में लंबे वक्त तक योगदान दिया। वह एक उत्कृष्ट सांसद थे, हमेशा अच्छी तरह से तैयार, बेहद मुखर और साथ ही विनोदप्रिय भी थे।"
प्रधानमंत्री मोदी ने प्रणब मुखर्जी को जनता का राष्ट्रपति बताते हुए लिखा, "भारत के राष्ट्रपति के रूप में प्रणब मुखर्जी ने राष्ट्रपति भवन को आम नागरिकों के लिए और भी सुलभ बना दिया। उन्होंने राष्ट्रपति आवास को सीखने, नवाचार, संस्कृति, विज्ञान और साहित्य का केंद्र बनाया। प्रमुख नीतिगत मामलों पर उनकी बुद्धिमत्ता भरी सलाह मैं कभी भी नहीं भुला सकूंगा।"
प्रधानमंत्री मोदी ने अपना व्यक्तिगत संस्मरण बताते हुए लिखा, "2014 में मैं दिल्ली में नया था। पहले दिन से ही मुझे प्रणब मुखर्जी का मार्गदर्शन, समर्थन और आशीर्वाद मिला। मैं हमेशा उनके साथ अपनी चर्चा को संजोता रहूंगा। उनके परिवार, दोस्तों, प्रशंसकों और पूरे भारत में उनके समर्थकों के प्रति संवेदना। ऊं शांति।"
गौरतलब है कि पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी का सोमवार को दिल्ली में देहांत हो गया। आर्मी रिसर्च एंड रेफरल अस्पताल में प्रणब मुखर्जी का लंबे समय से इलाज चल रहा था। 84 वर्ष के प्रणब मुखर्जी देश के 13वें राष्ट्रपति थे। वह बीते काफी लंबे वक्त से बीमार चल रहे थे और उनकी कोरोना रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई थी। अस्पताल में वह गहरे कोमा में थे और वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे।
Updated on:
01 Sept 2020 07:51 am
Published on:
31 Aug 2020 08:17 pm
बड़ी खबरें
View Allराजनीति
ट्रेंडिंग
