
नई दिल्ली। देश के जाने माने राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर (Prashant Kishore) की कांग्रेस में शामिल होने की चर्चाएं कुछ दिनों से खूब तूल पकड़ रही हैं। लेकिन इन अटकलों के बीच अब एक ताजा जानकारी सामने आई है कि प्रशांत किशोर कांग्रेस (Congress) में राष्ट्रीय स्तर की भूमिका चाह रहे हैं, जिसे लेकर कांग्रेस पार्टी में असमंजस पैदा हो गया है।
राष्ट्रीय स्तर की भूमिका चाह रहे किशोर
टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक, प्रशांत किशोर कांग्रेस में ना सिर्फ केंद्रीय स्तर पर पड़ चाहते हैं बल्कि पार्टी के मामलों पर निर्णय लेने वाली टीम का भी हिस्सा बनना चाह रहे हैं। बता दें कि प्रशांत किशोर ने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी के नेतृत्व में एक विशेष सलाहकार समिति गठित करने की सलाह दी थी। प्रशांत किशोर के हिसाब से इस कमेटी में ज्यादा सदस्य नहीं होने चाहिए और यह कमेटी गठबंधन से लेकर चुनावी रणनीति तक प्रत्येक राजनीतिक गतिविधि पर चर्चा करते हुए अंतिम फैसला ले सकेगी।
पार्टी में हो सकते हैं संगठनात्मक स्तर के बदलाव
माना जा रहा है कि आने वाले कुछ महीनों में कांग्रेस पार्टी में संगठनात्मक स्तर पर बड़े बदलावों के साथ-साथ नई नियुक्तियां भी की जा सकती हैं। साथ ही पार्टी में कुछ समितियों का गठन भी हो सकता है।
प्रशांत किशोर के शामिल होने को लेकर हो चुकी है बैठक
प्रशांत किशोर के कांग्रेस में शामिल होने को लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से राय मांगी थी। 22 जुलाई को इस संबंध में एक बैठक भी हुई जिसमें राहुल गांधी के अलावा मल्लिकार्जुन खड़गे, एके एंटनी, कमलनाथ, अंबिका सोनी और केसी वेणुगोपाल समेत कई प्रमुख नेता शामिल हुए थे।
गांधी परिवार से मुलाकात कर चुके प्रशांत किशोर
गौरतलब है कि 13 जुलाई को प्रशांत किशोर ने दिल्ली में कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और हरीश रावत से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के बाद से ही राजनीतिक गलियारों में अटकलों का बाजार गरम है। राजनीतिक पंडितों का मानना है कि प्रशांत किशोर 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए बड़ी रणनीति तैयार कर रहे हैं, जिसका पहला पड़ाव अगले साल होने वाला राष्ट्रपति चुनाव है।
Updated on:
4 Aug 2021, 1:09 PM IST
Published on:
4 Aug 2021, 1:04 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.