
राहुल गांधी (फाइल फोटो)
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सोमवार रात को सोशल मीडिया छोड़ने के संदेश को लेकर तो अब स्थिति स्पष्ट हो चुकी है। हालांकि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पीएम मोदी के हर संदेश पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। सोमवार रात जहां राहुल गांधी ने पीएम से सोशल मीडिया न छोड़ने की अपील की, मंगलवार दोपहर उन्होंने पीएम पर कसकर निशाना साधा। राहुल ने इस दौरान कोरोनावायरस को लेकर भी प्रधानमंत्री कार्यालय को आड़े हाथ लेकर संदेश दिया।
राहुल गांधी ने मंगलवार दोपहर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए उनपर तंज कसा। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री कार्यालय को टैग करते हुए लिखा, "डियर पीएमओ, जिस वक्त भारत एक आपातकाल का सामना कर रहा है, अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स के साथ वक्त बर्बाद करना बंद कर दीजिए। कोरोनावायरस की चुनौती से हर भारतवासी को बचाने पर ध्यान केंद्रित कीजिए। देखिए ऐसा कैसे किया जाता है।"
राहुल ने इस ट्वीट के साथ सिंगापुर के प्रधानमंत्री का एक वीडियो भी शेयर किया, जिसमें वह देशवासियों को इस आपातकाल के बारे में संबोधित कर रहे हैं।
राहुल गांधी ने कोरोनावायरस का हवाला देते हुए ट्वीट कर लिखा, "हर देश के सामने ऐसे कुछ क्षण आते हैं जब इनके नेताओं की परीक्षा होती है। एक सच्चा नेता पूरी तरह से भारत और इसकी अर्थव्यवस्था पर वायरस द्वारा फैलाए जाने वाले बड़े संकट को टालने पर ध्यान केंद्रित करेगा।"
उन्होंने पीएम मोदी द्वारा कोरोनावायरस के बारे में ना बोलकर सोशल मीडिया छोड़ने का संदेश देने वाले मैसेज पर तंज कसा। इसके साथ ही राहुल ने इस ट्वीट के साथ बीते 12 फरवरी के अपने पुराने ट्वीट को भी जोड़ा, जिसमें उन्होंने लिखा था, "कोरोनावायरस हमारे लोगों और अर्थव्यवस्था के लिए बहुत गंभीर खतरा है। मुझे लगता है कि सरकार इस खतरे को गंभीरता से नहीं ले रही है। समय पर कार्रवाई महत्वपूर्ण है।"
गौरतलब है कि पीएम मोदी ने मंगलवार दोपहर को ट्वीट किया, "इस महिला दिवस पर मैं अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स को उन महिलाओं के लिए समर्पित करूंगा, जिनका जीवन और कार्य हमें प्रेरित करते हैं। यह उन्हें लाखों को प्रेरणा देने में मददगार साबित होगा। क्या आप ऐसी महिला हैं या आप ऐसी किसी महिला को जानते हैं? इस तरह की कहानियों को #SheInspiresUs के साथ शेयर करें।"
गौरतलब है कि सोमवार रात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर अचानक तूफान खड़ा कर दिया। पीएम मोदी ने लिखा कि वह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म छोड़ने पर विचार कर रहे हैं। उन्होंने सोमवार रात एक ट्वीट में लिखा, "इस रविवार, फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर सोशल मीडिया अकाउंट्स को छोड़ने की सोच रहा हूं। आप सभी को पोस्ट करता रहूंगा।" उन्होंने अपने व्यक्तिगत ट्विटर हैंडल से इसकी जानकारी दी है।
वहीं, पीएम मोदी के ट्वीट पर पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने लिखा, नफरत छोड़िए- सोशल मीडिया नहीं।
Updated on:
04 Mar 2020 07:29 am
Published on:
03 Mar 2020 04:47 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
