
मायावती को पीएम बनाने की मांग पर संबित पात्रा ने कसा तंज, आगे-आगे देखते जाइए होता है क्या...
नई दिल्ली। कर्नाटक चुनाव के दौरान राहुल गांधी ने खुद को महागठबंधन की तरफ से पीएम पद के लिए दावेदार घोषित कर दिया था। अब बसपा नेताओं ने मायावती को पीएम पद का दावेदार बताया है। महागठबंधन में इस पद को लेकर मची होड़ पर भाजपा के प्रवक्ता संबित पात्रा ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव की प्रक्रिया शुरू होने में अभी लंबा समय है और महागठबंधन में अभी से पीएम पद को लेकर आपाधापी मची है। उन्होंने व्यंग्य के लहजे में कहा कि आगे-आगे देखिए होता है ?
राहुल नहीं बन सकते पीएम
भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि महाठगबंधन के निर्माण को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है लेकिन उसका नेता बनने और देश का पीएम बनने को लेकर एक के बाद एक विरोधभासी दावे होने लगे हैं। उन्होंने कहा है कि बीएसपी ने साफ कर दिया है कि चूंकि राहुल गांधी अपने पिता राजीव गांधी से ज्यादा अपनी मां सोनिया जैसा ज्यादा दिखते हैं। सोनिया जी विदेशी मूल की हैं। इसलिए राहुल जी कभी पीएम पद के उम्मीदवार नहीं हो सकते। महागठबंधन की ओर ऐ पीएम पद के लिए बसपा सुप्रीमा मायावती सबसे बेहतर उम्मीदवार हैं। उन्होंने कहा कि अभी तो शुरुआत है। आने वाले महीनों में महागठबंधन में और भी नायाब नजारे खुलकर सामने आएंगे।
कम सीट पाने वाले बनते हैं सीएम और पीएम
आपको बता दें कि बसपा ने अभी से महागठबंधन के अंदर पार्टी सुप्रीमो मायावती को पीएम के रूप में पेश करना शुरू कर दिया है। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में लखनऊ और कानपुर जोन बसपा पदाधिकारियों के कैडर कैंप को संबोधित करते हुए पार्टी के नेशनल कोऑर्डिनेटर व सांसद वीर सिंह व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जय प्रकाश सिंह ने जोर देकर कहा कि आज के समय में सीटों की संख्या ज्यादा मायने नहीं रखती है। कम सीट पाने वाले सीएम और पीएम बनते रहे हैं। जय प्रकाश ने कहा कि पहले ज्यादा सीट वालों की ही सरकार बनती थी लेकिन कांशीराम जी के समय से इसमें बदलाव आ गया है। यह कांशीराम ही थे कि 67 सीट वाली बसपा की सरकार बनी और 150 वाली भाजपा यूपी में ताकती रह गई। झारखंड में एक सीट वाले मधु कोड़ा मुख्यमंत्री बने और 42 वाले फेल हो गए। कर्नाटक में बसपा के पास एक ही सदस्य था लेकिन सरकार उसकी बनी जिसे बहन जी ने चाहा। आज बसपा सदस्य भी मंत्री है।
Published on:
17 Jul 2018 10:55 am
बड़ी खबरें
View Allराजनीति
ट्रेंडिंग
