
भाजपा के 'शत्रु' का बड़ा बयान, 'पार्टी को मुझसे दिक्कत तो खुशी-खुशी छोड़ दूंगा'
नई दिल्ली। पार्टी के खिलाफ विवादित बयान देने वाले शत्रुघ्न सिन्हा ने एक बार फिर चौंकाने वाला बयान दिया है। शत्रुघ्न ने कहा कि हाईकमान उन्हें पार्टी से निकालना चाहता है, तो वे खुशी-खुशी पार्टी छोड़ने को तैयार हैं। इतना ही नहीं सिन्हा ने कहा कि चाहे कुछ भी हो जाए, लेकिन वो सच बोलने से पीछे नहीं हटेंगे।
मोदी और शाह को किया टारगेट
राष्ट्रीय मंच में शामिल होने वाले शत्रुघ्न सिन्हा यहीं नहीं रुके। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय मंच किसी पार्टी का नाम नहीं बल्कि एक आंदोलन है। इस आंदोलन का मुख्य उद्देश्य दो व्यक्तियों के हाथों की कठपुतली बन चुकी भाजपा सरकार को चलता करना है। सिन्हा ने कहा कि उनके विचारों पर सहमति जताते हुए जनता दल (यू), कांग्रेस, आम आदमी पार्टी , समाजवादी पार्टी व अन्य दल एक मंच पर एकत्र हो गए हैं। गौरतलब है कि इससे पहले शत्रुघ्न सिन्हा ने जमकर अपनी पार्टी पर हमला बोला था। सिन्हा ने कहा कि सच बोलना अगर बगावत है, तो समझो हम भी बागी हैं।
कर्नाटक चुनाव को लेकर भी बोला था हमला
गौरतलब है कि हाल में कर्नाटक में सरकार बनाने को लेकर शत्रघ्न सिन्हा ने भाजपा पर जमकर हमला बोला था। 'शत्रु' ने कहा था कि जनता खामोशी से भाजपा की चाल, चरित्र और चेहरा देख रही है। उन्होंन कहा था कि कर्नाटक में जो कुछ हो रहा है, वो लोकतंत्र के लिए कहीं से भी उचित नहीं है। लोकतंत्र की हत्या कर सरकार बनाना पार्टी के लिए फजीहत भरा भी हो सकता है। इतना ही नहीं सिन्हा ने कहा कि कर्नाटक में भाजपा जुगाड़ और दबाव से सत्ता हासिल करने में लगी है। 'शत्रु' ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी जनबल के बदले धन बल से सरकार बनाने में जुटी है।
यशवंत सिन्हा ने भी साधा निशाना
इस दौरान यशवंत सिन्हा ने कहा कि भाजपा में लोकतंत्र खत्म हो गया है। पार्टी दो लोगों के हाथों की कठपुतली बन गई है। भाजपा अब वह पार्टी नहीं रही जब 1993 में उन्होंने ज्वाइन किया था। पूर्व वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा ने कहा कि आज मुद्दा नहीं देश के सामने आज कई मुद्दे हैं। देश में आज निराश का माहौल है। भाजपा ने लोगों से जो चुनावी वायदे किए थे वह सब जुमले थे।
Published on:
22 May 2018 04:06 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
