
अश्विनी चौबे के बहाने तेजस्वी यादव जमकर कसे तंज, बोले- 'पीएम मोदी के मंत्रिमंडल में दुर्लभ नगीने'
पटना। केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे के राहुल गांधी से दिए बयान पर मचे घमासान के बीच अब बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने प्रतिक्रिया दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाने पर लेते हुए आरजेडी नेता ने कहा, 'दुर्भाग्यपूर्ण है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मंत्रिमंडल में ऐसे लोगों को शामिल किया है जो भाषा को निम्नतर स्तर पर ले जा रहे हैं।' तेजस्वी ने ट्विटर के जरिए अपनी नाराजगी जाहिर की। गौरतलब है कि चौबे ने राहुल को मेंटल स्किजोफ्रेनिया बीमारी का शिकार और नाली का कीड़ा बताया था।
तेजस्वी ने यूं ली चुटकी
उन्होंने ट्वीट में लिखा, 'परम ज्ञानी-ध्यानी पंडित श्री चौबे बाबा को भगवान सद्बुद्धि दें। परम परमेश्वर उनकी भक्ति में बरकत प्रदान करें। दुर्भाग्यपूर्ण है आदरणीय प्रधानमंत्री जी ने चुन-चुनकर ऐसे दुर्लभ नगीने अपने मंत्रिमंडल में रखे हैं ताकि देश में एक नई निम्नस्तरीय भाषाई संस्कृति विकसित कर सकें। ओम शांति ओम।'
राहुल पर चौबे ने दिया था यह बयान
अश्विनी चौबे ने कहा था कि राहुल ऐसी बीमारी के शिकार हैं जिसमें व्यक्ति दूसरों को पागल समझता है लेकिन वो खुद क्या है उसे समझ नहीं आता। उन्होंने कहा कि राहुल खुद को विद्वान, गुणवान, ज्ञानवान और चरित्रवान समझते हैं। राफेल डील में कांग्रेस की तरफ से लगाए गए घोटाले के आरोप का जिक्र करते हुए चौबे ने कहा कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री मोदी को झूठा कहते हैं जो काफी निंदनीय है।
चौबे ने लालू परिवार भी साधा था निशाना
चौबे ने आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार को लेकर भी जमकर निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि जिस तरीके से लालू परिवार ने पशुओं का चारा खाया और गरीबों का पैसा लूटा। उसका खामियाजा उन्हें जेल में रहकर भुगतना पड़ेगा। उन्होंने कांग्रेस और आरजेडी को भ्रष्टाचार की जननी बताया। इसके साथ ही उन्होंने महागठबंधन को एक ठगबंधन करार दिया।
Published on:
1 Sep 2018, 6:49 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.