
नई दिल्ली। तेलंगाना में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं, ऐसे में चुनाव प्रचार के लिए राजनीतिक पार्टियों का दौरा शुरू हो चुका है। शनिवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी तेलंगाना में थे। इस दौरान उन्होंने मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी पर जमकर हमला बोला। ओवैसी को उनके ही गढ़ में घेरते हुए राहुल गांधी ने कहा कि वह बीजेपी की 'नफरत की विचारधारा' को साझा करते हैं।
बीजेपी और एमआईएम की विचारधारा एक जैसी
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि बीजेपी और एमआईएम की विचारधारा और सोच एक जैसी है। ये दोनों पार्टियां मिलकर नफरत की विचारधारा देश में फैला रहे हैं। बता दें कि यह बाते राहुल चार मीनार पर शनिवार की रात एक जनसभा को संबोधित करते हुए कही।
प्रधानमंत्री और उनके अनुयायी नफरत फैला रहे हैं
वहीं, प्रधानमंत्री मोदी पर हमला बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा कि भारत के इतिहास में पहली बार प्रधानमंत्री और उनके अनुयायी नफरत फैलाने और देश को बांटने में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि पूरे देश में दलित, आदिवासी, मुसलमान, महिलाएं और अन्य कमजोर वर्ग के लोग नफरत की इस विचारधारा से भयभीत हैं। राहुल ने कहा, 'यह देश किसी एक धर्म या जाति या क्षेत्र का नहीं है। यह सभी लोगों का देश है।' उन्होंने कहा कि देश का संविधान हर भारतीय को शांतिपूर्वक रहने का अधिकार प्रदान करता है।
भाजपा, टीआरएस और एमआईएम मिले हुए हैं
कांग्रेस अध्यक्ष ने आगे कहा कि भाजपा, टीआरएस और एमआईएम मिले हुए हैं। उन्होंने कहा कि टीआरएस प्रमुख के. चंद्रशेखर राव ने नोटबंदी का समर्थन किया था, जबकि दुनियाभर के अर्थशास्त्रियों ने इस सबसे बड़ी भूल बताई है। इससे पहले राहुल गांधी ने आंध्रप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री के. रोसैया को राजीव सद्भावना पुरस्कार प्रदान किया।
बता दें कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के 1990 में चार मीनार की यात्रा करने की याद में सालाना कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पार्टी का झंडा फहराने के बाद राहुल गांधी ने सांप्रदायिक सद्भावना को बढ़ावा देने के मकसद से सद्भावना यात्रा को झंडी दिखाकर रवाना किया।
Published on:
21 Oct 2018 02:00 pm
