
विवेक तिवारी हत्याकांड पर बयान देकर फंसे केजरीवाल, बीजेपी ने दर्ज कराई नफरत फैलाने की शिकायत
नई दिल्ली। लखनऊ के विवेक तिवारी हत्याकांड पर पर बयान देना दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को अब भारी पड़ने लगा है। वरिष्ठ अधिवक्ता और बीजेपी नेता अश्वनी उपाध्याय ने केजरीवाल के खिलाफ दिल्ली के तिलक मार्ग थाने में शिकायत दर्ज कर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
125 करोड़ हिंदुओं का भी अपमान
सीएम के केजरीवाल के खिलाफ की सेक्शन 153A, 295A, 504 और 505 के साथ आईटी एक्ट की धारा 67 ते तहत भी शिकायत दर्ज कराई गई है। अश्वनी उपाध्याय ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने जाति और धर्म के आधार पर नफरत फैलाने के साथ बीजेपी नेताओं की मानहानि की है। इसके साथ ही 125 करोड़ हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को अपमानित किया है।
हिंदू की हत्या क्यों हुई: अरविंद केजरीवाल
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उत्तर प्रदेश में एक सिपाही द्वारा एप्पल के एक अधिकारी की हत्या को लेकर रविवार को बीजेपी की आलोचना की और कहा भगवा दल हिंदुओं के हितों की भी रक्षा नहीं कर सकता। आम आदमी पार्टी संयोजक केजरीवाल ने अपने ट्वीट में कहा था कि विवेक तिवारी एक हिंदू थे। तो उनकी हत्या क्यों हुई? बीजेपी हिंदुओं की शुभचिंतक नहीं है। अगर उन्हें सत्ता हासिल करने के लिए सभी हिंदुओं को मारना हो तो वे सोचने में दो मिनट भी नहीं लगाएंगे। हालांकि मृतक विवके की पत्नी ने केजरीवाल के बयान का निंदा की है।
संकीर्ण सोच वाले हैं केजरीवाल: तिवारी
केजरीवाल के ट्वीट के बाद बीजेपी ने तुरंत प्रतिक्रिया दी। दिल्ली की बीजेपी इकाई के अध्यक्ष मनोज तिवारी ने ट्विटर पर कहा कि आप कार्यकर्ताओं को देखना चाहिए कि केजरीवाल कितने संकीर्ण सोच वाले हैं। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी मृतक के परिवार के साथ है और इस हत्या के पीछे के लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके जवाब में केजरीवाल ने कहा कि जब हम न्याय के लिए कहते हैं तो बीजेपी हमें संकीर्ण सोच वाला कहती है।
लखनऊ में पुलिसवाले ने कर दी हत्या
बता दें कि उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके गोमती नगर विस्तार में एक मोबाइल कंपनी के सेल्स मैनेजर विवेक तिवारी को घर लौटते वक्त उत्तर प्रदेश पुलिस के एक सिपाही ने हत्या कर दी थी। सिपाही को गिरफ्तार कर लिया गया है और अधिकारी की हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। इस घटना के बाद से यूपी पुलिस पर सवालिया निशान लग रहे हैं और पूरे मामले पर जमकर राजनीति हो रही है।
Published on:
1 Oct 2018, 4:01 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.