
Hero MotoCorp and Mahindra to hike prices from January 2021
नई दिल्ली। यह साल अब खत्म होने वाला है और ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री इस साल कोरोना वायरस महामारी से जूझने के बाद अंतिम महीनों में कुछ बेहतर करनी नजर आई। हालांकि मारुति सुजुकी के बाद अब हीरो मोटोकॉर्प और महिंद्रा एंड महिंद्रा ने घोषणा की है कि यह कंपनियां नए साल यानी जनवरी 2021 से अपने वाहनों की कीमतें ( Car price hike ) बढ़ाएंगी।
हीरो मोटोकार्प ने बुधवार को घोषणा की कि वह 1 जनवरी 2021 से अपने मॉडल की कीमतों में बढ़ोतरी करेगी। कंपनी द्वारा जारी एक प्रेस नोट में कहा गया कि हीरो मोटोकॉर्प अपने मॉडल्स में अधिकतम 1500 रुपये की बढ़ोतरी करेगी और यह वृद्धि मॉडल के हिसाब से अलग-अलग होगी।
हीरो मोटोकॉर्प ने संकेत दिया कि यह मूल्य वृद्धि कमोडिटी की कीमतों और विभिन्न अन्य इनपुट लागतों में वृद्धि के परिणामस्वरूप की जाएगी। कंपनी द्वारा जारी बयान में लिखा गया, "स्टील, एल्युमिनियम, प्लास्टिक और कीमती धातुओं सहित सभी कमोडिटी की लागतों में लगातार वृद्धि हुई है। हमने लीप-2 अंब्रेला के तहत अपने बचत कार्यक्रम को पहले ही तेज कर दिया है और प्रभाव को कम करने के लिए काम करना जारी रखेंगे ताकि ग्राहकों पर बोझ कर सकें और हमारे मुनाफे की रक्षा कर सकें।"
यह नई घोषणा उस वक्त सामने आई है जब बाजार कोरोना वायरस महामारी के चलते लागू लॉकडाउन के बाद अभी भी रिकवरी मोड में है।
हीरो मोटोकॉर्प ने आगे कहा, "आंशिक रूप से कमोडिटी लागत के प्रभाव को कम करने के लिए हम उत्पादों की कीमतों में 1500 रुपये तक की बढ़ोतरी करेंगे, जो 1 जनवरी 2021 से प्रभावी होगी। यह बढ़ोतरी मॉडल के अनुसार भिन्न होगी और इसकी सटीक जानकारी हमारे डीलरों को उचित समय में दे दी जाएगी।"
महिंद्रा एंड महिंद्रा बढ़ाएगी वाहनों की कीमत
ऑटोमोबाइल प्रमुख महिंद्रा एंड महिंद्रा (एमएंडएम) अपने वाहनों की कीमत 1 जनवरी, 2021 से बढ़ोतरी करने जा रही है। इस बढ़ोतरी के बाद 'यात्री और वाणिज्यिक वाहनों' की कीमतें काफी हद तक प्रभावित होंगी। कंपनी द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है, कमोडिटी की कीमतों में बढ़ोतरी और अन्य इनपुट लागतों में वृद्धि के कारण यह कदम उठाया जा रहा है। कंपनी ने आगे कहा कि विभिन्न मॉडलों में मूल्य वृद्धि का विवरण नियत समय पर सूचित कर दिया जाएगा।
Updated on:
16 Dec 2020 11:24 pm
Published on:
16 Dec 2020 11:11 pm
बड़ी खबरें
View Allपॉपुलर कार और बाइक
ऑटोमोबाइल
ट्रेंडिंग
