प्रतापगढ़. रठांजना पुलिस ने गश्त के दौरान रविवार रात को एक कार से 6 सौ ग्राम अफीम और 12 लाख 18 हजार रुपए के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उक्त अफीम कहां से लाया, और किसे देने जाना थाï? इस बारे में पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधीक्षक अमितकुमार ने बताया कि रठांजना थाना प्रभारी देवीलाल और जाप्ते की ओर से शनिवार रात को गश्त की जा रही थी। इस दौरान टीम बरखेडा की तरफ जा रही थी। रठांजना कस्बे से बाहर निकलते ही सामने बरखेडा की तरफ से एक कार तेज गति से आती दिखाई दी। इस पर पुलिस टीम उसे रूकवाया। उक्त कार में बैठा व्यक्ति घबराने लगा। उसने अपना नाम प्रकाश पुत्र चेनराम कुमावत निवासी बरखेड़ा थाना रठांजना बताया। कार की तलाशी ली गई। इस पर चालक के पास वाली सीट के आगे नीचे एक थैला मिला। उसमे 12 लाख 18 हजार रुपए नगद मिले। इसके साथ में एक प्लास्टिक की थैली में अफीम पाई गई। इसका वजन 6 सौ ग्राम निकला। पुलिस टीम ने अफीम, 12 लाख 18 हजार रुपए एवं परिवहन में प्रयुक्त कार को जब्त किया और प्रकाश को एनडीपीएस के तहत गिरफ्तार किया गया। प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शम्भुसिंह थानाधिकारी थाना हथुनिया के जिम्मे किया गया। इस दौरान सामने आया कि प्रकाश अवैध मादक पदार्थों का तस्कर है। जिसके पास से 12 लाख 18 हजार रूपये बरामद हुए जो अवैध अफीम की खरीद-फरोख्त के सौदाबाजी का है। इसके साक्ष्य प्रकाश के मोबाईल से प्राप्त हुए है।
साढ़े तीन किलो अफीम के साथ विक्रेता भी गिरफ्तार
प्रतापगढ़. रठांजना पुलिस ने प्रकाश कुमावत से पूछताछ की। जिसमें सामने आया कि उक्त अफीम वह रामनिवास पुत्र देवीलाल कुमावत निवासी चमलावदा थाना रठांजना के घर से लेकर आया था। इस पर पुलिस ने रामनिवास के घर पर तलाशी की। पुलिस टीम ने रामनिवास के घर से 3 किलो 500 ग्राम अवैध अफीम मिली। इस पर पुकलस ने अफीम जब्त कर उसे भी गिरफ्तार किया है।