
Raja Bhaiya and Dhananjay Singh
Lok Sabha Election 2024: उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव 2024 के अंतिम तीन चरण के लिए बीजेपी(BJP) ने पूरा जोर लगा दिया है। सूत्रों की मुताबिक बीजेपी ने कुंडा विधायक राजा भैया और बाहुबली धनंजय सिंह से भी बात की है। इन दोनों ही नेताओं से भाजपा की बात बन चुकी है। यह दोनों नेता अब पूर्वांचल में BJP के चुनावी अभियान को धार देंगे। लेकिन अब सवाल यह उठ रहा है कि BJP के लिए राजा भैया और धनंजय सिंह की इतनी जरूरत क्यों हैं?
धनंजय सिंह की पत्नी श्रीकला रेड्डी पहले BSP के टिकट पर लोकसभा का चुनाव लड़ रही थीं। लेकिन उनके नामांकन करने के बाद BSP ने अपना कैंडिडेट बदला और मौजूदा सांसद श्याम सिंह यादव को टिकट दे दिया। सूत्रों के मुताबिक BJP के साथ अब धनंजय सिंह की बात बन चुकी है और चुनाव के दौरान वह अपने समर्थकों के साथ भाजपा के लिए खड़े रहेंगे।
स्थानीय जानकारी बताते हैं कि श्रीकला रेड्डी के पीछे हटने से जौनपुर में बीजेपी को सीधा फायदा होते नजर आ रहा है। वहीं सूत्रों की मानें तो केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से धनंजय सिंह और उनकी पत्नी श्रीकला रेड्डी की मुलाकात हुई है। इस मुलाकात के बाद दोनों ने भाजपा को समर्थन देने की बात कही है। इससे पूर्वांचल में भाजपा को फायदा होने की उम्मीद है।
2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान BJP से राजपूत और ठाकुर नाराज बताए जा रहे हैं। ठाकुर और राजपूत समाज ने कई जगहों पर BJP के खिलाफ महापंचायत की। इस दौरान BJP के खिलाफ वोट करने की अपील की गई। लेकिन बाद में भाजपा ने ठाकुर समाज के नाराजगी को कंट्रोल करने की कोशिश की।
लोकसभा चुनाव के अंतिम तीन चरण में अवध की कुछ सीटों के अलावा पूर्वांचल की सभी सीटों पर चुनाव होने वाला है। BJP का प्रदर्शन इन इलाकों में बीते विधानसभा चुनाव के दौरान अच्छा नहीं रहा था। लेकिन अब ठाकुर समाज के इन दोनों ही नेताओं के प्रभाव को देखते हुए BJP के समर्थन में आना अहम माना जा रहा है।
राजा भैया के BJP साथ आने से प्रतापगढ़ के साथ कौशांबी लोकसभा सीट पर भाजपा को सीधा फायदा होने की संभावना है। इन दोनों ही लोकसभा सीटों पर राजा भैया की पार्टी ने अपने कैंडिडेटस् नहीं उतारे हैं। इस इलाके में राजा भैया का काफी प्रभाव है। इन दोनों लोकसभा सीटों पर अभी चुनाव नहीं हुआ है, ऐसे में राजा भैया के साथ आने से भाजपा को फायदा हो सकता है।
Updated on:
14 May 2024 07:59 pm
Published on:
14 May 2024 07:58 pm
