इलाहाबाद. फूलपुर उपचुनाव में बाहुबली अतीक अहमद की पत्नी की इंट्री ने इसे और दिलचस्प बना दिया है। सपा, कांग्रेस और भाजपा के पत्याशियों के फाइनल होने के बाद अचानक पत्नी ने पति और अपने नाम से पर्चा खरीद कर सबको चौंका दिया है। माना जा रहा है कि अतीक मंगलवार को वकील के ज़रिए नामांकन कर सकते हैं। उनका यह कदम कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के मंसूबों पर पानी फेर सकता है। इस सीट पर जहां पहले विपक्ष के संयुक्त प्रत्याशी की बात हो रही थी वहीं समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने अपने अलग-अलग उम्मीदवार उतारे हैं। इसके बाद अब बाहुबली के मैदान में आने से जहां विपक्ष का गणित बिगड़ सकता है तो वहीं कहीं न कहीं बीजेपी को इसका फायदा मिलने की बात भी कही जा रही है।