20 दिसंबर 2025,

शनिवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

यूपी में एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती में बड़ा बदलाव, अब प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा से होगा चयन

यूपी में 7466 एलटी ग्रेड शिक्षक पदों पर भर्ती के लिए यूपीपीएससी ने विज्ञापन जारी कर दिया है। इस बार चयन प्रक्रिया में बड़ा बदलाव, अब प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा होगी। खिलाड़ियों के लिए 136 पद आरक्षित, ऑनलाइन आवेदन 28 अगस्त तक।

2 min read
Google source verification

UPPSC कार्यालय।

प्रयागराज : उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने राजकीय विद्यालयों में सहायक अध्यापक (एलटी ग्रेड शिक्षक) के 7,466 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी कर दिया है। इस बार चयन प्रक्रिया में महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। अब यह भर्ती प्रारंभिक (प्री) और मुख्य (मेन्स) परीक्षा के माध्यम से होगी, जो पहले एकल परीक्षा के जरिए होती थी। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।

कुल 7,466 पदों में पुरुष वर्ग के लिए 4860 पद, महिला वर्ग के लिए 2525 पद और दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के तहत 81 पद शामिल हैं। आवेदन स्वीकार करने और ऑनलाइन परीक्षा शुल्क बैंक में जमा करने की अंतिम तिथि 28 अगस्त है, जबकि आवेदन में सुधार/संशोधन व शुल्क समाधान की अंतिम तिथि 4 सितंबर है।

शैक्षिक अर्हता में स्पष्टता और कंप्यूटर विषय को छूट

आयोग ने अनिवार्य शैक्षिक अर्हता से 'समकक्ष' शब्द को हटा दिया है, जिससे अब योग्यता को लेकर कोई विवाद नहीं रहेगा। 15 में से 14 विषयों में बीएड की डिग्री अनिवार्य है। हालांकि, कंप्यूटर विषय के लिए बीएड डिग्री वाले अभ्यर्थियों को चयन में वरीयता दी जाएगी, इसे अनिवार्य नहीं किया गया है। पिछली भर्ती में कंप्यूटर विषय में बीएड की अनिवार्यता के कारण 98% पद खाली रह गए थे।

परीक्षा पैटर्न और नकारात्मक अंकन

प्रारंभिक परीक्षा 300 अंकों की होगी, जिसमें 150 प्रश्न होंगे। इसमें 30 प्रश्न सामान्य अध्ययन के और 120 प्रश्न वैकल्पिक (मुख्य) विषय के होंगे। प्रत्येक प्रश्न दो अंक का होगा और परीक्षा की अवधि दो घंटे होगी। प्रारंभिक परीक्षा में नकारात्मक अंकन (Negative Marking) भी होगा। प्रारंभिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थी ही मुख्य परीक्षा में शामिल हो सकेंगे।

मुख्य परीक्षा 200 अंकों की होगी, जिसमें दो खंडों में कुल 20 प्रश्न होंगे। सभी प्रश्न अनिवार्य होंगे और इसे हल करने के लिए तीन घंटे का समय मिलेगा। खंड 'अ' में 10 लघु उत्तरीय प्रश्न होंगे (प्रत्येक 8 अंक, शब्द सीमा 300)। खंड 'ब' में 10 दीर्घ उत्तरीय प्रश्न होंगे (प्रत्येक 12 अंक, शब्द सीमा 200)। चयन की मेरिट मुख्य परीक्षा के आधार पर तैयार की जाएगी।

सामाजिक विज्ञान विषय के मुख्य परीक्षा में चार खंड (भूगोल, इतिहास, अर्थशास्त्र, नागरिक शास्त्र) होंगे। प्रत्येक खंड में 60 प्रश्न होंगे और अभ्यर्थियों को किन्हीं दो खंडों का चयन करके उत्तर देना होगा।

136 पद किए गए आरक्षित

इस भर्ती में पहली बार खिलाड़ियों को भी आरक्षण का लाभ मिलेगा। अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर के उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए 136 पद आरक्षित किए गए हैं, जिनमें पुरुष वर्ग के 92 और महिला वर्ग के 44 पद शामिल हैं। इन खिलाड़ियों को भी परीक्षा में शामिल होना होगा।

दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के तहत तीन प्रकार के विद्यालयों में एलटी ग्रेड शिक्षक/विशिष्ट अध्यापक के 81 पदों पर भर्ती होगी। इनमें स्पर्श दृष्टिबाधित विद्यालय, संकेत मूल बधिर विद्यालय और प्रयास शारीरिक रूप से अक्षम विद्यालय शामिल हैं। स्पर्श दृष्टिबाधित विद्यालय के लिए ब्रेल लिपि पद्धति की विशिष्ट अर्हता होगी।

पदों की संख्या में कमी

बता दें कि सात साल बाद आई इस भर्ती में पदों की संख्या में कमी आई है। मार्च 2018 में पिछली एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती में 10,768 पदों के लिए आवेदन मांगे गए थे, जबकि इस बार 3,302 पद कम होकर 7,466 हो गए हैं।