
Mahakumbh 2025: मौनी अमावस्या स्नान पर्व पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए रेलवे और रोडवेज ने खास इंतजाम किए हैं। सूबेदारगंज में आरपीएफ परेड मैदान में दसवां अस्थायी बस अड्डा बनाया गया है। इस बार बसों की संख्या बढ़ाकर 8,000 कर दी गई है। रेलवे की बात करें तो उत्तर मध्य रेलवे, पूर्वोत्तर रेलवे और उत्तर रेलवे मिलकर 150-170 स्पेशल ट्रेनें चलाएंगे। रूटीन ट्रेनों के साथ कुल 400 ट्रेनें चलेंगी।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, डीआरएम हिमांशु बडोनी ने बताया कि 13 जनवरी से 23 जनवरी तक 950 स्पेशल ट्रेनें चलाई गई हैं। इनमें से 425 ट्रेनों से श्रद्धालु प्रयागराज आए, और 525 ट्रेनों से वापस गए। मकर संक्रांति पर ज्यादा भीड़ को संभालने के लिए रेलवे ने 134 ऑन-डिमांड ट्रेनें भी चलाईं। मौनी अमावस्या पर और अधिक ट्रेनें चलाई जाएंगी।
भीड़ प्रबंधन के लिए 58 लंबी दूरी की ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है और कई ट्रेनों के रास्ते बदले गए हैं। प्रयागराज की कुछ ट्रेनें छिवकी और सूबेदारगंज स्टेशन से चलेंगी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे ने जिला प्रशासन के साथ मिलकर काम किया है। सभी रेलवे स्टेशनों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम लगाया गया है, जिससे श्रद्धालुओं को सही स्टेशन की जानकारी मिल सके।
● लखनऊ और अयोध्या रूट श्रद्धालु प्रयाग और फाफामऊ स्टेशन का उपयोग करें।
● वाराणसी और गोरखपुर रूट रामबाग और झूंसी स्टेशन पर जाएं।
● मिर्जापुर और मध्य प्रदेश रूट नैनी और छिवकी स्टेशन से ट्रेनें मिलेंगी।
● कानपुर रूट सूबेदारगंज स्टेशन से ट्रेनों की सुविधा होगी।
● दिल्ली हावड़ा रूट समेत अन्य रूटों की ट्रेनें प्रयागराज जंक्शन
महाकुंभ के कारण रेलवे स्टेशनों पर चार गुना अधिक भीड़ हो रही है। 11 जनवरी से 23 जनवरी तक 13 लाख से अधिक श्रद्धालु ट्रेन से यात्रा कर चुके हैं। इससे रेलवे ने 71.28 करोड़ रुपये की कमाई की है। इसमें बिना टिकट यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या शामिल नहीं है। औसतन, रोजाना एक लाख यात्री ट्रेनों से सफर कर रहे हैं।
Updated on:
25 Jan 2025 08:58 am
Published on:
25 Jan 2025 08:58 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
