
गोदाम गिरने से दबा एक मजदूर, PC- Patrika
प्रयागराज : संगम नगरी के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत साउथ मलाका इलाके में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एक निर्माणाधीन होटल के बेसमेंट की खुदाई के दौरान बगल में स्थित एक जर्जर गोदाम अचानक भरभरा कर गिर गया। इस मलबे की चपेट में आने से वहां काम कर रहे दो मजदूर दब गए, जिनमें से एक की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, साउथ मलाका में एक निजी जमीन पर होटल निर्माण के लिए बेसमेंट की खुदाई का काम चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मजदूर बेसमेंट के नीचे पिलर ढालने की तैयारी कर रहे थे, तभी बगल की दीवार और जर्जर गोदाम का हिस्सा ढह गया। मलबे के नीचे दबने से वहां चीख-पुकार मच गई।
हादसे के बाद आनन-फानन में स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। मलबे से निकालकर दो मजदूरों को गंभीर हालत में एसआरएन (SRN) अस्पताल ले जाया गया। उपचार के दौरान मिर्जापुर निवासी 30 वर्षीय मजदूर विनोद की मौत हो गई, जबकि दूसरे घायल मजदूर का इलाज जारी है।
हादसे की खबर मिलते ही डीसीपी मनीष कुमार शांडिल्य भारी पुलिस बल, फायर ब्रिगेड और SDRF की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। डीसीपी ने बताया कि एहतियात के तौर पर निर्माण कार्य को तत्काल रुकवा दिया गया है।
DCP मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि हादसे की विस्तृत जांच की जा रही है। निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी पाई गई तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि घनी आबादी वाले इलाके में बेसमेंट की इतनी गहरी खुदाई बिना उचित सुरक्षा इंतजामों के की जा रही थी। बगल में जर्जर निर्माण होने के बावजूद ठेकेदार और मालिकों ने लापरवाही बरती, जिसका खामियाजा एक मासूम मजदूर को अपनी जान देकर भुगतना पड़ा।
प्रयागराज के फाफामऊ में सोमवार को एक कोल्ड स्टोरेज में धमाका हो गया था। इस धमाके में 4 मजदूरों की दबने से मौत हो गई थी। हादसे के बाद अमोनिया गैस का रिसाव हुआ था। रिसाव होने से पूरे इलाके में दुर्गंध फैल गई। बचाव कार्य में जुटे लोगों को गैस के रिसाव होने से काफी परेशानी हुई।
Updated on:
24 Mar 2026 09:05 pm
Published on:
24 Mar 2026 09:05 pm
