
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ एवं विश्व हिंदू परिषद द्वारा संगम स्थित "परेड ग्राउंड" से जॉर्ज टाउन संघ कार्यालय तक सम्पूर्ण प्रयाग महानगर में "श्री राम विजय ध्वज एवं पूजित कलश यात्रा" निकाली गई, जिसका शुभारंभ शंकराचार्य श्री वासुदेवानंद सरस्वती जी द्वारा किया गया। कुल 17-किलोमीटर की इस यात्रा में हजारों की संख्या में श्री राम भक्त "जय श्रीराम", "आ रहे हैं राम हमारे" के घोष के साथ यात्रा में सम्मिलित हुए। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ एवं अनुषांगिक संगठनों द्वारा निकाली गई इस यात्रा का स्वागत प्रमुख चौराहों पर एकत्रित लोगों द्वारा किया गया।
आरएसएस 1 से 15 जनवरी तक चलाएगी "अक्षत वितरण कार्यक्रम"; घर-घर जाएगा राम लला प्राण प्रतिष्ठान के पूर्व पूजित अक्षत
कार्यक्रम के दौरान आरएसएस के जिला प्रचारक राज्यवर्धन ने बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ एवं अन्य अनुषांगिक संगठनों द्वारा श्री रामलला का पूजित अक्षत वितरण कार्यक्रम 1 से 15 जनवरी तक चलाया जाएगा, जिसमें हज़ारों की संख्या में कार्यकर्ताओं को लगाया जाएगा। यह पूजित अक्षत प्रत्येक हिन्दू घरों तक भेजा जाएगा, जिसके लिए योजना तैयार कर ली गई है तथा कल से तेज़ी से इस कार्य को आगे बढ़ाया जाएगा।
यात्रा में उपस्थित रहीं शहर की प्रमुख हस्तियां
श्रीराम विजय ध्वज यात्रा में शहर के चर्चित व्यक्ति भी सम्मिलित रहे। यात्रा में प्रयाग के महापौर गणेश केशरवानी, शहर उत्तरी के विधायक हर्षवर्धन के साथ कई शासकीय अधिवक्ता, डॉक्टर एवं शहर की जानी मानी हस्तियां मौजूद रहीं। यात्रा में बड़ी संख्या में संत समाज के भी लोग उपस्थित रहे।
विजय यात्रा के निमित्त कल संघ कार्यालय पर हुई थी बैठक
कार्यक्रम के निमित्त जॉर्ज टाउन स्थित संघ कार्यालय पर "श्री राम जन्मभूमि समिति" की कल बैठक हुई थी, जिसमें यात्रा से जुड़े सभी पहलुओं की समीक्षा की गई और अक्षत वितरण कार्यक्रम का स्वरूप और तिथि निर्धारित की गई है।
श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समिति, प्रयाग के संयोजक ब्रह्म शंकर ने कहा कि," अयोध्या में सैकड़ों वर्ष बाद राम लला वापस अपने घर में विद्यमान होंगे और यह मंदिर हिन्दू एकता के प्रतीक बनकर उभरेगा। प्रयाग आस्था का बड़ा केंद्र है और आज आयोजित की गई यात्रा में श्रीराम भक्तों का अनन्य प्रेम देखने को मिला है, यात्रा के दौरान काफी लोग जुड़ते चले गए और जॉर्ज टाउन पहुंचते-पहुंचते उपस्थित राम भक्तों की संख्या तिगुनी हो गई।"
श्रीराम जन्मभूमि प्राण प्रतिष्ठा समिति प्रयागराज के विभाग संघचालक डा के पी सिंह, भाग संघचालक लालता प्रसाद जी, सहप्रान्त प्रचारक मुनीश जी, सहप्रान्त कार्यवाह डा राज विहारी जी, प्रचारक राज्यवर्धन जी, प्रयागराज समिति के संयोजक ब्रह्म शंकर जी, सहसंयोजक सत्यप्रकाश जी, भाग कार्यवाह मुकेश जी, रामकुमार जी, सुनील जी, राकेश जी, शिव प्रकाश जी आदि रहे।
Published on:
01 Jan 2024 09:44 am
बड़ी खबरें
View Allप्रयागराज
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
