4 अप्रैल 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

‘ना कोई छूटे, ना टूटे और ना रूठे’, डिप्टी CM मौर्य बोले- हनुमान जी की तरह अपनी शक्ति याद करें कार्यकर्ता

Keshav Prasad Maurya On Akhilesh Yadav: डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता हनुमान जी की तरह अपनी शक्ति याद करें। साथ ही उन्होंने अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा है।

2 min read
Google source verification
keshav prasad maurya message to party workers for 2027 elections targeting opposition prayagraj

केशव मौर्य का बड़ा बयान। Image Source - 'X' @kpmaurya1

Keshav Prasad Maurya On Akhilesh Yadav: प्रयागराज में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ जुट जाने का आह्वान किया। सर्किट हाउस में आयोजित बैठक के दौरान उन्होंने BJP के नवनियुक्त जिला स्तरीय पदाधिकारियों और नामित पार्षदों से मुलाकात की और उन्हें संगठन को मजबूत करने के निर्देश दिए।

विपक्ष के ‘भ्रमजाल’ को तोड़ने का आह्वान

डिप्टी CM ने कहा कि विपक्ष आम जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहा है, जिसे कार्यकर्ताओं को तार्किक तरीके से जवाब देकर खत्म करना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर लोगों से संवाद करने और उनकी शंकाओं का समाधान करने को कहा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता नए भारत के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं।

'कोई छूटे नहीं, कोई रूठे नहीं, कोई टूटे नहीं'

केशव मौर्य ने संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि हर कार्यकर्ता को साथ लेकर चलना है। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि संगठन में कोई भी छूटने, रूठने या टूटने न पाए। साथ ही, उन्होंने वरिष्ठ नेताओं से मार्गदर्शन लेने की भी सलाह दी।

प्रयागराज की 12 सीटों पर विपक्ष को ‘जीरो’ करने का लक्ष्य

डिप्टी CM ने स्पष्ट कहा कि 2027 में प्रयागराज की सभी 12 विधानसभा सीटों पर विपक्ष को शून्य पर समेटने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से हनुमान जी की तरह अपनी शक्ति को पहचानने और पूरी ऊर्जा के साथ चुनावी मैदान में उतरने की बात कही।

सपा और अखिलेश यादव पर तीखा हमला

केशव मौर्य ने समाजवादी पार्टी और उसके प्रमुख अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त थी और गुंडों-माफियाओं को संरक्षण दिया जाता था। उन्होंने कार्यकर्ताओं से तुष्टीकरण, गुंडागर्दी और जातिवाद के खिलाफ मजबूती से खड़े होने का आह्वान किया।

राष्ट्रीय मुद्दों और अन्य राज्यों का जिक्र

उन्होंने पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और केरल के राजनीतिक हालात का जिक्र करते हुए कहा कि BJP वहां भी अच्छा प्रदर्शन करने जा रही है। साथ ही, वैश्विक ऊर्जा संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि देश मजबूत दिशा में आगे बढ़ रहा है।

नवनियुक्त पदाधिकारियों का किया सम्मान

कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने BJP महानगर, गंगापार और यमुनापार के नवनियुक्त पदाधिकारियों को अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, निर्मला पासवान, राजेश शुक्ल, महापौर गणेश केसरवानी, एमएलसी डॉ. केपी श्रीवास्तव सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

चाय पर चर्चा के दौरान चुनाव को लेकर बयान

शुक्रवार शाम डिप्टी CM केशव मौर्य ने ड्रमंड रोड स्थित साई मंदिर के पास एक चाय स्टॉल पर कार्यकर्ताओं के साथ चाय पी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की प्रेरणा से ‘चाय पर चर्चा’ की परंपरा जारी है। शहर उत्तरी सीट से चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी अगर जिम्मेदारी देगी तो जरूर चुनाव लड़ेंगे, लेकिन फिलहाल वह चुनाव लड़ने के लिए नहीं बल्कि कार्यकर्ताओं के साथ संवाद के लिए चाय पी रहे हैं।

संगठन को बताया सरकार से बड़ा

अपने संबोधन में केशव मौर्य ने दोहराया कि संगठन सरकार से बड़ा होता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने और पार्टी को और मजबूत बनाने का संदेश दिया।