14 मार्च 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

यूपी में 40 डिग्री पारा के बाद झमाझम बारिश और तेज हवाओं के आसार, ओलावृष्टि की चेतावनी

उत्तर प्रदेश में इन दिनों पड़ रही बेमौसम तेज गर्मी के बीच राहत की खबर सामने आई है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश का मौसम अब जल्द ही करवट लेने वाला है। एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिसके असर से कई जिलों में बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक देखने को मिल […]

2 min read
Google source verification
uttar-pradesh-weather-heavy-rains-alert-in-next-120-hours-imd-issued-warning-in-18-districts-of-up

UP Rains: अगले 120 घंटो में जमकर बरसेंगे बादल | Image Source - Pinterest

उत्तर प्रदेश में इन दिनों पड़ रही बेमौसम तेज गर्मी के बीच राहत की खबर सामने आई है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश का मौसम अब जल्द ही करवट लेने वाला है। एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिसके असर से कई जिलों में बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग ने 15 मार्च के लिए तराई और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के करीब 26 जिलों में अलर्ट जारी किया है।

50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

इन इलाकों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ गरज-चमक और हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं 15 और 16 मार्च को तराई और पश्चिमी जिलों में बारिश तथा मध्य उत्तर प्रदेश में बादलों की आवाजाही और तेज हवाओं का असर बढ़ सकता है। पूर्वी तराई के कुछ जिलों में ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है। कुशीनगर, महाराजगंज और सिद्धार्थनगर समेत आसपास के इलाकों में ओले गिरने की संभावना है।

35 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार

मौसम विभाग का कहना है कि इस पश्चिमी विक्षोभ का असर पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में दिखाई देगा और लगभग 35 जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक के अनुसार, 15 और 16 मार्च को तराई और पूर्वांचल के कई जिलों में तेज हवा के झोंकों के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

इसके प्रभाव से दिन के तापमान में करीब 2 से 4 डिग्री और रात के तापमान में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है। इसके अलावा 19 मार्च से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिसका असर प्रदेश के बड़े हिस्से में देखने को मिल सकता है।

वज्रपात और तेज हवाएं चलने की संभावना

मौसम विभाग ने देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं समेत आसपास के इलाकों में मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।